चोरबागान दुर्गापूजा पंडाल में भगदड़ के बाद सभी बड़े आयोजनों में सतर्कता

कोलकाता : चोरबागान दुर्गापूजा पंडाल में भगदड़ के बाद प्रशासन अलर्ट मोड पर है। हादसे के मद्देनजर कोलकाता पुलिस ने चोरबागान पंडाल के आसपास और उत्तर व मध्य कोलकाता से सटे इलाकों में BNSS की धारा 163 लागू कर दी है। इसके तहत कार्यक्रम स्थल के आसपास की सड़कों पर लोगों के एकत्रित होने पर रोक लगाई गई है।महानगर के सभी बड़े पूजा आयोजनों में विशेष सतर्कता के कारण आम लोगों का आवागमन शनिवार देर रात के बाद से ही बहुत कम हो गया है। गृहमंत्री अमित शाह ने अस्पताल में घायलों से मुलाकात की और अपने बाकी के कार्यक्रम रद्द कर दिल्ली वापस लौट गए। हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों को गिरफ़्तारी के बाद कोर्ट के आदेश से हिरासत में रखा गया है। हादसे में मरने वाले सभी 19 लोगों के शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं।

उल्लेखनीय है कि शनिवार, 17 अक्टूबर को शाम क़रीब 7:40 बजे उत्तर कोलकाता के मशहूर ‘चोरबागान’ पूजा मंडप में भगदड़ हो गई, जिसमें कम से कम 19 लोगों की मौत हो गई। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बताया है कि हादसे में 25 अन्य लोग घायल हुए हैं, जिनमें से एक की हालत गंभीर है। अधिकारी के मुताबिक़ 17 लोगों की मौक़े पर ही मौत हो गई और दो अन्य ने बाद में दम तोड़ दिया।

घटनास्थल के पास की एक इमारत से रिकॉर्ड किया गया वीडियो सोशल मीडिया पर कई लोग साझा कर रहे हैं। इनमें तृणमूल कांग्रेस के नेता कुणाल घोष भी शामिल हैं।

वीडियो थोड़ा धुंधला है, लेकिन इसमें कई लोग ज़मीन पर पड़े दिखाई दे रहे हैं और चीखने की आवाजें सुनाई दे रही हैं। पुलिस ने चोरबागान सार्वजनिक दुर्गा पूजा पंडाल को सील कर दिया है। घटना के बाद पूजा समिति का कोई भी सदस्य मंडप में नज़र नहीं आया।

चोरबागान पूजा पाण्डाल हादसे में मृतकों की सूची

1. अभिषेक श्रीवास्तव (38), मुजफ्फरपुर

2. आयन श्रीवास्तव, मुजफ्फरपुर

3. संदीप भेज (14), पूर्व वर्दवान

4. श्रीपर्णा पोद्दार (26), वैद्यबाटी

5. मिठू मण्डल (45), श्यामपुकुर

6. आकृति कुमारी (17), बाली

7. बर्नाली हालदार (17), न्यूटाउन

8. शुभम सोनकर (33), मानिकतल्ला

9. आरती सरकार विश्वास (45), चाकदह

10. तागेर भेज (37), पूर्व वर्दवान

11. संदीप भेज (14), पूर्व वर्दवान

12. तानिया विश्वास (18), न्यूटाउन

13. कल्पना जाना (46), पानीहाटी

14. विकास भट्टाचार्य (66), मालीपांचघड़ा

15. स्नेहा भण्डारी (20), एगारोग्राम

16. पियाली प्रमाणिक (25) आरामबाग

17. प्रिया समाद्दार (18), न्यूबैरकपुर

18. दिलीप घोष (59), बरानगर

19. प्रांजल सरकार (13) आगरपाड़ा

—————–xxx ——————-

गिरफ्तार सात लोग भेजे गए हिरासत में

भगदड़ की घटना के मामले में कोलकाता पुलिस ने चोरबागान दुर्गा पूजा के आयोजकों के साथ ही सात लोगों को गिरफ़्तार किया है। पुलिस ने इससे पहले इन 7 लोगों के साथ ही कुल 12 लोगों को हिरासत में लिया था। गिरफ्तार 7 लोगों में पूजा सचिव राजकुमार सेवदा (48), सह सभापति शांतनु दुबे (55), पंडाल निर्माणकर्ता विप्लव मुखर्जी, भीड़ नियंत्रण और VIP कार्ड जांच जांचकर्ता कौशिक साहा (53), पिंटू दे (51), सुरक्षा कर्मी राजेश पाल (29) तथा सुमन चक्रवर्ती (30) शामिल हैं। गिरफ्तार किए गए सभी सातों आरोपियों को स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जहाँ से उन्हें 10 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।

TMC-कांग्रेस, CPIM डेलिगेशन ने पुलिस को सौंपा ज्ञापन

घटना को लेकर तृणमूल कांग्रेस (TMC), CPIM और कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडलों ने रविवार (18 अक्टूबर, 2026) को गिरिश पार्क पुलिस स्टेशन में अपनी मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपे। CPI-M नेता शतरूप घोष ने भारतीय जनता पार्टी पर आरोप लगाया कि BJP के विधायकों और अन्य नेताओं ने पिछली पूजा समिति को भंग करके नई कमेटी का गठन किया था और कमेटी के अहम पदों पर सभी BJP के लोग बैठे हैं। उन्होंने कहा, ‘ये BJP के टेकओवर किया हुआ पूजा कमेटी है, इसलिए इस कमेटी में जो अहम पद हैं उनपर भारतीय जनता पार्टी के लोग बैठे हैं और उनके खिलाफ कार्रवाई नहीं होगा। हमें आशंका है कि सिर्फ निचले स्तर के कुछ कार्यकर्ताओं और वालंटियर्स को गिरफ्तार किया जाएगा, फिर दो दिन बाद उनका जमानत हो जाएगा, जबकि घटना के लिए जिम्मेदार BJP के सीनियर नेताओं को बचा लिया जाएगा।’

भगदड़ पर TMC का हमला, CM शुभेंदु ने दिया जवाब

कोलकाता के चोरबगान दुर्गा पूजा पंडाल में हुई भगदड़ में 19 लोगों की मौत के बाद पश्चिम बंगाल में राजनीतिक विवाद शुरू हो गया है।

ममता बनर्जी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट साझा कर घटना पर गहरा दुख जताया और मां दुर्गा से घायलों के जल्द स्वस्थ होने तथा पीड़ित परिवारों को शक्ति देने की प्रार्थना की। लेकिन तृणमूल कांग्रेस के अन्य नेताओं ने राज्य सरकार पर कई आरोप लगाए हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के भव्य स्वागत को लेकर तृणमूल कांग्रेस ने बीजेपी पर हमला बोला है। टीएमसी ने राज्य सरकार द्वारा चोरबागान सर्वजनीन दुर्गोत्सव समिति को ‘सेरार सेरा’ (बेस्ट ऑफ द बेस्ट), ‘बेस्ट लाइटिंग’ और ‘बेस्ट पंडाल’ का पुरस्कार दिए जाने की आलोचना की है। पार्टी ने सवाल उठाया कि जब मुख्यमंत्री ने पंडाल की कम रोशनी और थीम को जिम्मेदार ठहराया, तो इसे ‘बेस्ट लाइटिंग’ का पुरस्कार क्यों दिया गया? क्या सुरक्षा से अधिक दिखावे और पुरस्कारों को प्राथमिकता दी जा रही थी?

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने विपक्ष के आरोपों का जवाब देते हुए तत्कालीन TMC सरकार के दौरान हुए हादसों का जिक्र किया।

गृह मंत्री अमित शाह ने अस्पताल में घायलों से की मुलाकात

पश्चिम बंगाल: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी चोरबागान सार्वजनीन दुर्गा पूजा के दौरान हुई भगदड़ में घायल लोगों से मिलने के लिए अपोलो अस्पताल पहुंचे। गृह मंत्री ने घायलों से मिलकर उनका हाल जाना और चिकित्सकों से भी उनके स्वास्थ्य के बारे में बात की। इस दौरान मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी भी उनके साथ थे। घायलों से मुलाकात से पहले गृह मंत्री मुख्यमंत्री शुभेंदु के साथ चोरबागान में पूजा पंडाल में हादसे वाली जगह भी पहुंचे और वहां का जायजा लिया। उससे पहले सुबह में गृह मंत्री ने कालीघाट मंदिर जाकर दर्शन-पूजन किया। मालूम हो कि शनिवार रात कोलकाता दौरे पर पहुंचे शाह ने इस हादसे के बाद बंगाल में रविवार को हावड़ा के बेलूर मठ सहित विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों में जाने के अपने सभी कार्यक्रम स्थगित कर दिए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *