चोरबागान दुर्गापूजा पंडाल में हादसा, पीएम मोदी, अमित शाह और ममता ने गहरा शोक जताया

कोलकाता : महानगर के राम मंदिर के ठीक पीछे स्थित चोरबागन मैदान में बने दुर्गापूजा पंडाल मे भगदड़ मचने से 17 लोगों की मौत हो गई, जबकि 25 लोग घायल हो गए हैं। मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने इस घटना पर गहरा दुख जताया है। इसके साथ ही कोलकाता मेडिकल कॉलेज अस्पताल में ही एक आपातकालीन बैठक हुई, जिसमें सुवेंदु अधिकारी, मुख्य सचिव मनोज अग्रवाल और अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।
चोरबागान सार्वजनिन दुर्गा पूजा पंडाल में हुई भगदड़ पर मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि यह एक दुखद घटना है। सत्रह लोगों की मौत हो गई है और 25 लोग घायल हो गए हैं। क्लब द्वारा किसी विषय की घोषणा किए जाने के बाद भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई। यह बेहद दुखद है। हमारी प्राथमिकता मृतकों के परिवारों के साथ खड़े रहना और घायलों का इलाज सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि सरकार सभी के साथ मिलकर काम कर रही है। मैं सभी पूजा समितियों से पुलिस के साथ समन्वय करने और सुरक्षित निकास मार्ग सुनिश्चित करने का अनुरोध करता हूं। थीम आधारित पूजा के नाम पर कई पंडालों के अंदर उचित रोशनी नहीं है। मैं सभी को आश्वस्त करता हूं कि हम सभी की सुरक्षा सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने कहा कि इस घटना की उचित जांच की जाएगी। परिवारों की हर संभव मदद की जाएगी। उन्होंने कहा, “पूरी पारदर्शिता के साथ उचित जांच की जाएगी। पूजा समिति के सदस्यों और सुरक्षा एजेंसियों को हिरासत में ले लिया गया है। सभी परिवारों को हर संभव मदद दी जाएगी। यह बहुत दुखद घटना है।”
उन्होंने बताया कि गृह मंत्री के साथ कल के सभी कार्यक्रम स्थगित कर दिए गए हैं क्योंकि हमें जनता के साथ खड़ा रहना है। एक जांच दल घटना के कारण और स्थिति का पता लगाएगा। फोरेंसिक जांच की जाएगी। मैं मीडिया और राजनीतिक नेताओं से घटनास्थल पर साक्ष्यों के साथ छेड़छाड़ न करने का अनुरोध करता हूं। इस हादसे के बाद अधिकांश घायल लोगों को कलकत्ता मेडीकल कॉलेज और कुछ को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जताया
इस हादसे को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जाहिर करते हुए घायलों के जल्दी ठीक होने की कामना की है। इसके साथ ही उन्होंने जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को 2-2 लाख रुपए और घायलों को 50,000 रुपए की मदद देने का भी ऐलान किया।

भीड़ के वजह से मेरे दोस्त की जान चली गई – प्रत्यक्षदर्शी
अभी तक सामने आई जानकारी के मुताबिक, भारी भीड़ और तेज बारिश के दौरान बिजली कड़कने की भारी आवाज को भगदड़ की वजह बताया जा रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों ने भी इस बात की पुष्टि की है कि चोरबागान इलाके में पंडाल का दरवाजा काफी संकरा था, निकास द्वार पर भी ज्यादा जगह नहीं थी। तेज बारिश की वजह से पहले से ही भरा हुए पंडाल में और लोग आने लगे, जिसकी वजह से अफरा-तफरी शुरू हो गई। घटना की जानकारी देते हुए देवव्रत चटर्जी नामक एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि भीड़ की वजह से उनके दोस्त की मौत हो गई है। उन्होंने बताया कि 26 वर्षीय युवा भीड़ के नीचे आ गया। इसके बाद उनकी जान चली गई।

राहुल गांधी ने जताया दुख

राहुल गांधी ने इस घटना पर दुख व्यक्त करते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं से मदद करने की अपील की। उन्होंने लिखा, “”कोलकाता के चोरबागान पूजा पंडाल में हुई भगदड़ की ख़बर बेहद दुखद है। इस हादसे में कई लोगों की जान जाने और बड़ी संख्या में लोगों के घायल होने की सूचना है। मृतकों के परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएँ। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूँ। प्रशासन से अपील है कि सभी घायलों को तुरंत बेहतर इलाज मिले, और इस हादसे की निष्पक्ष जाँच हो ताकि भविष्य में ऐसी त्रासदी न दोहराई जाए। मैं कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अपील करता हूँ कि वे राहत कार्य में हर संभव मदद करें।”

राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू ने जताया दुख
राष्ट्रपति द्रोपदी मूर्मु ने कोलकाता दुर्गा पंडाल में हुए हादसे पर दुख व्यक्त किया है। राष्ट्रपति भवन की तरफ से जारी उनका संदेश जारी किया गया। उन्होंने कहा, “कोलकाता में दुर्गा पंडाल में हुई लोगों की मृत्यु का समाचार बहुत ही दुखद है। सभी शोक संतप्त परिवारजनों के प्रति मैं गहन संवेदना व्यक्त करती हूं। मैं घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।”

ममता बनर्जी ने दुख प्रकट किया
पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस (TMC) की प्रमुख ममता बनर्जी ने कोलकाता के चोर बागान पूजा पंडाल में हुई भगदड़ में 17 लोगों की मौत और कम से कम 40 लोगों के घायल होने पर हैरानी और दुख जताया है। उन्होंने कहा कि मुझे इस भगदड़ की घटना के बारे में जानकर बहुत हैरानी और दुख हुआ है।
उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट शेयर कर कहा कि मैं मां दुर्गा से प्रार्थना करती हूं कि सभी घायलों को जल्द स्वस्थ होने का आशीर्वाद और इस मुश्किल वक्त में उनके परिवारों को शक्ति और साहस दें।

पश्चिम बंगाल कांग्रेस अध्यक्ष ने सहयोग देने की बात की

पश्चिम बंगाल कांग्रेस के अध्यक्ष शुभंकर सरकार ने सरकार का सहयोग करने की बात कही है। उन्होंने कहा, “हम, यानी पूरी कांग्रेस पार्टी ने सरकार को पूरा सहयोग देने का फैसला किया है। हमारे स्वयंसेवक लोगों की जान बचाने के काम में पूरी तरह जुटे हुए थे। जब यह घटना घटी, तब पुलिस कहाँ थी? जब मैं चोरबगान इलाके में गया, तो स्थानीय लोगों ने यह बात उठाई। यह एक बेहद दुखद घटना है। मैं सरकार से आग्रह करता हूँ कि वह इस पर विचार करे, पीड़ितों को मुआवजा दे और जिन लोगों की जान गई है, उनके परिवारों को रोजगार मुहैया कराए।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *