कोलकाता: दुर्गापूजा से पहले कोलकाता के प्रमुख चिंड़ीघाटा और गरियाहाट फ्लाईओवर को आकर्षक रंगों और डिजाइन से सजाया गया है। शुरुआत में लोगों ने इस पहल की सराहना की और सोशल मीडिया पर तस्वीरें साझा कीं, लेकिन हल्की बारिश के बाद चिंड़ीघाटा फ्लाईओवर पर कथित तौर पर बाइक फिसलने की घटनाओं ने पूरे प्रोजेक्ट को विवादों में ला दिया है। सोशल मीडिया पर जारी वायरल वीडियो में कई बाइक सवार सड़क पर गिरते दिखाई दिए, जिसके बाद सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे। कुछ पर्यावरणविदों ने भी सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। सरकार का कहना है कि एंटी-स्किड पेंट का इस्तेमाल किया गया है और मामले की जांच चल रही है, जबकि वाहन चालक इसे खतरनाक बता रहे हैं।
हर दिन गुजरते हैं हजारों वाहन
पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार के कार्यकाल की यह पहली दुर्गापूजा है। त्योहार को लेकर राजधानी कोलकाता की सड़कों, चौराहों, पुलों और फ्लाईओवरों को नए रंगों से सजाया गया है। शहर के प्रमुख चिंड़ीघाटा और गरियाहाट फ्लाईओवरों को भी रंगीन डिजाइनों से सजाया गया। यह दोनों फ्लाईओवर कोलकाता के सबसे व्यस्त मार्गों में गिने जाते हैं और प्रतिदिन हजारों वाहन इनसे गुजरते हैं। सरकार का मानना था कि यह पहल दुर्गापूजा के दौरान शहर की सुंदरता को नया आयाम देगी और लोगों को उत्सव का विशेष अनुभव मिलेगा।
शहरी विकास एवं नगर निकाय मामलों की मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने कहा कि दक्षिण कोलकाता में गरियाहाट फ्लाईओवर, पूर्वी कोलकाता में चिंगरीघाटा फ्लाईओवर और शहर के मध्य में रेड रोड के एक हिस्से को सुरक्षा दिशानिर्देशों को ध्यान में रखते हुए ही इंद्रधनुषी रंगों से रंगा गया है। पॉल ने संवाददाताओं को बताया कि शहर को सुंदर बनाने और उसकी सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देने के लिए पार्क सर्कस के सेवन प्वाइंट क्रासिंग और गरियाहाट फ्लाईओवर के पास पारंपरिक बंगाली सजावटी कला ‘अल्पना’ भी बनाई गई है। मंत्री ने कहा कि ये रंग कुछ महीनों में उतर जाएंगे। उन्होंने कहा कि विशेष अवसर पर अमेरिका सहित अन्य कई विकसित देशों में सड़कों को रंगने की परम्परा है।
इस मामले में कुछ पर्यावरणविदों ने पॉल और मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी, दोनों को पत्र लिखा है। उन्होंने कहा है कि सड़क पर चमकदार ऑयल पेंट खतरनाक है और इसकी अनुमति नहीं दी जानी चाहिए। इसके अलावा यह भी सवाल किया है कि क्या इस पहल में सड़क का इस्तेमाल करने वाले लोगों पर पड़ने वाले प्रभावों को महत्व दिया गया है।
मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने जांच के आदेश दिए
मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने इस बात की जांच के आदेश दिए कि सतह फिसलन भरी क्यों हो गई थी। अधिकारियों ने बुधवार की रात से ही कार्रवाई शुरू की। कर्मचारियों ने रातों-रात कुछ जगहों की ताज़ा पेंट की गई सतह को हटा दिया। अग्निमित्रा पॉल ने भी विशेषज्ञ इंजीनियरों और अधिकारियों को इसके कारणों की जांच करने का निर्देश दिया, जबकि कोलकाता मेट्रोपॉलिटन डेवलपमेंट अथॉरिटी (KMDA) और कोलकाता नगर निगम (KMC) की टीमों ने मौके का निरीक्षण किया। वाहनों की गति को नियंत्रित करने के लिए वहां विशेष ब्लॉक भी लगाए गए हैं।















Leave a Reply