कोलकाता : पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर एक महिला द्वारा चाकू से हमला करने की कोशिश का मामला सामने आया है। TMC के नेताओं ने दावा किया कि ममता कालीघाट स्थित अपने आवास से दुर्गा पूजा पंडाल का उद्घाटन करने जा रही थीं, तभी महिला ने उनको गाली दी और चाकू से हमला किया। महिला नशे की हालत में थी। उसकी पहचान तनिष्ठा साहा के रूप में हुई है।
महिला ने ममता की खींची साड़ी
तृणमूल के नेताओं ने कहा कि शाम लगभग 6 बजे ममता अपने आवास से बाहर निकली, तभी महिला उनकी ओर दौड़ी और उन्हें “पिशी” (बुआ) कहकर पुकारने लगी। आरोप है कि उसने ममता को पकड़ने की कोशिश की, फिर सड़क पर लेट गई और अपशब्द कहने लगी। उसने ममता की साड़ी खींची, तभी लोगों ने उसे पकड़ लिया और उसके पास से चाकू बरामद किया। कार्यकर्ताओं ने बताया कि महिला काफी जिद पर अड़ी रही। उसे तुरंत पुलिस के हवाले किया गया।
थाने में शिकायत दर्ज
TMC की ओर से राज्यसभा सांसद डोला सेन ने कालीघाट पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है।
उन्होंने अपनी शिकायत में लिखा कि महिला नशे की हालत में थी और उसके हाथ में चाकू था। उसने ममता बनर्जी की भतीजी होने का दावा करके भीड़ में घुसने की कोशिश की थी। पार्टी के कार्यकर्ताओं ने घटना से जुड़ी कुछ तस्वीरें पुलिस को सौंप दी हैं और मामले की गहन जांच करने की मांग की है।
ममता बनर्जी को प्राप्त है Z+ सुरक्षा
TMC नेताओं का कहना है कि इस हमले से यह सवाल उठता है कि पूर्व मुख्यमंत्री को दी गई Z+ श्रेणी की सुरक्षा का उल्लंघन कैसे हुआ। TMC सांसद साकेत गोखले ने आरोप लगाया कि बंगाल में यही हाल है, जहां Z+ सुरक्षा प्राप्त और 3 बार की मुख्यमंत्री भी सुरक्षित नहीं हैं। उल्लेखनीय है कि ममता ने मंगलवार को चुनाव आयोग के खिलाफ राजाबाजार से पार्क सर्कस तक रैली का आह्वान किया था। लेकिन, वह मार्च में नहीं गईं। इस साल उन्हें पूजा का उद्घाटन करने का एकमात्र निमंत्रण मिला था और वहाँ जाने के क्रम में ही यह घटना सामने आई है।















Leave a Reply