कोलकाता : तेज आवाज में मोबाईल चलाने वालों पर अब कार्रवाई होगी। ट्रेन में सफर के दौरान मोबाइल पर तेज आवाज में गाने, वीडियो या रील्स चलाना अब आपको मुश्किल में डाल सकता है। दक्षिण रेलवे ने ऐसे यात्रियों के खिलाफ सख्ती के निर्देश जारी किए हैं, जिनकी हरकतों से दूसरे यात्रियों को असुविधा होती है। रेलवे के सर्कुलर में 1,000 रुपये तक के जुर्माने और जरूरत पड़ने पर उस व्यक्ति को ट्रेन से भी नीचे उतारा जा सकता है।
ट्रेन में सफर के दौरान अगर आपकी भी मोबाइल पर तेज आवाज में रील, वीडियो या गाने चलाते हैं तो संभल जाइए। अब आपके खिलाफ बगल वाले पैसेंजर्स शिकायत कर सकते हैं और फिर आप पर एक्शन भी हो सकता है। दक्षिण रेलवे ने ऐसे यात्रियों के खिलाफ सख्ती करने के निर्देश जारी किए हैं। रेलवे का कहना है कि सार्वजनिक जगहों पर मोबाइल के स्पीकर से तेज आवाज में कंटेंट चलाना दूसरे यात्रियों के लिए परेशानी का सबब बनता है। इस तरह की हरकतों पर रोक लगाने के लिए यात्रियों को नियमों के प्रति जागरूक किया जाएगा और उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई भी हो सकती है।
दक्षिण रेलवे ने अपने सभी डिवीजनों को भेजे गए सर्कुलर में रेलवे स्टेशनों और ट्रेन के डिब्बों में मोबाइल पर तेज आवाज में संगीत या वीडियो चलाने की बढ़ती प्रवृत्ति पर चिंता जताई है। रेलवे के मुताबिक, मोबाइल इंटरनेट की आसान उपलब्धता के कारण सार्वजनिक जगहों पर स्पीकर मोड में वीडियो और अन्य कंटेंट चलाना आम होता जा रहा है। इससे सहयात्रियों को असुविधा होती है और सफर का माहौल खराब होता है।
1000 रुपये का जुर्माना, ट्रेन से भी उतार दिया जाएगा नीचे
दक्षिण रेलवे ने संबंधित कानूनी प्रावधानों का हवाला देते हुए अधिकारियों को ऐसे मामलों में कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। इस ताजा सर्कुलर के मुताबिक, दोषी यात्री पर 1000 रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकता है और जरूरत पड़ने पर उसे ट्रेन के कोच से हटाया भी जा सकता है। वहीं अगर किसी ने इस बाबत हंगामा किया तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है।















Leave a Reply