कोलकाता : नेताजी सुभाष इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर तैनात केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के सतर्क जवानों ने हाल ही में दो यात्रियों द्वारा बैंकॉक ले जाई जा रही लगभग 1.14 करोड़ रुपये की विदेशी मुद्रा (अमेरिकी डॉलर) की तस्करी की कोशिश को नाकाम कर दिया। यात्रियों ने इस रकम को अपने हैंड बैगेज (हाथ के बैग) के निचले हिस्से में छिपा रखा था।
यह घटना 19 अक्टूबर को नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हुई। CISF के अनुसार, “सुबह करीब 10:20 बजे अंतरराष्ट्रीय टर्मिनल के सिक्योरिटी होल्ड एरिया में जांच के दौरान, एक CISF कर्मी को दो यात्रियों के हैंड बैगेज के एक्स-रे स्कैन में कुछ संदिग्ध तस्वीरें दिखीं। ये यात्री भूटान एयरलाइंस की फ्लाइट B3700 से बैंकॉक जाने वाले थे। इसके बाद बैग की फिजिकल जांच (हाथ से तलाशी) की गई।”
जांच के दौरान, CISF के जवानों को दोनों बैगों के निचले हिस्से में छिपाई गई 1,19,900 अमेरिकी डॉलर की रकम मिली, जो भारतीय मुद्रा में लगभग 1,13,64,002 रुपये के बराबर है। उन्होंने बताया, “यह रकम अखबार में लपेटी गई थी। कुल रकम में से 74,900 अमेरिकी डॉलर एक यात्री के बैग से, जबकि 45,000 अमेरिकी डॉलर दूसरे यात्री के बैग से बरामद किए गए।”
औपचारिकताएं पूरी करने के बाद, दोनों यात्रियों और बरामद विदेशी मुद्रा को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए कस्टम विभाग की ‘एयर इंटेलिजेंस यूनिट’ (AIU) को सौंप दिया गया। जिस यात्री के पास सबसे ज्यादा नकदी थी, उसे कस्टम विभाग की एयर इंटेलिजेंस यूनिट आगे की कानूनी कार्यवाही के लिए जिला एवं सत्र न्यायालय ले गई। वहीं, दूसरे यात्री को कस्टम विभाग ने एक डिटेंशन रसीद (हिरासत रसीद) जारी करने के बाद छोड़ दिया।
CISF ने 1.14 करोड़ रुपये की विदेशी मुद्रा की तस्करी की कोशिश नाकाम की














Leave a Reply