हावड़ा। उत्तर हावड़ा विधानसभा क्षेत्र में चुनावी सरगर्मियां दिनों-दिन तेज होती जा रही हैं। इसी क्रम में भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी उमेश राय ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर क्षेत्र की ज्वलंत समस्याओं और तृणमूल कांग्रेस सरकार की कथित विफलताओं को विस्तार से रखा। उन्होंने कहा कि उत्तर हावड़ा की जनता वर्षों से बुनियादी सुविधाओं के अभाव में जीवन जी रही है और अब बदलाव का समय आ गया है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में उमेश राय ने बताया कि हल्की बारिश में ही क्षेत्र के लगभग 70 प्रतिशत हिस्सों में जलजमाव हो जाता है, जबकि जलनिकासी के लिए घोषित करोड़ों रुपये की योजनाएं ज़मीन पर नजर नहीं आतीं। स्वास्थ्य और शिक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि पिछले 15 वर्षों में न तो नए सरकारी अस्पताल, कॉलेज या आईटीआई बने और न ही मौजूदा सुविधाओं का समुचित विस्तार हुआ। सरकारी स्कूलों की स्थिति भी चिंताजनक बनी हुई है।
उन्होंने सलकिया फ्लाईओवर परियोजना का मुद्दा उठाते हुए कहा कि मुआवजा दिए जाने के बावजूद यह योजना अब तक अधूरी पड़ी है। सफाई व्यवस्था को लेकर भी उन्होंने प्रशासन को घेरा और कहा कि राष्ट्रीय स्वच्छता सर्वेक्षण में हावड़ा का खराब प्रदर्शन स्थानीय निकायों की विफलता को दर्शाता है।
रोजगार के मुद्दे पर बोलते हुए उमेश राय ने कहा कि उत्तर हावड़ा, जो कभी उद्योगों और कुटीर इकाइयों का केंद्र था, आज बंद पड़े कारखानों के कारण बेरोजगारी से जूझ रहा है। युवाओं में निराशा बढ़ रही है। उन्होंने नगर निगम चुनावों में देरी को भी निशाना बनाते हुए कहा कि इससे नागरिक सेवाएं चरमरा गई हैं और शहर में गंदगी व अव्यवस्था का माहौल है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने “आलो” दिव्यांग प्रशिक्षण केंद्र और “साइलेंस” मुर्दाघर की बदहाल स्थिति, तथा 280 करोड़ रुपये की “सत्यबाला जल ट्रीटमेंट प्लांट” परियोजना के अधूरे रहने का मुद्दा भी उठाया। कानून-व्यवस्था पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि क्षेत्र में आम नागरिकों के साथ-साथ पुलिसकर्मी भी सुरक्षित नहीं हैं, जो गंभीर स्थिति को दर्शाता है।
राज्य स्तर के मुद्दों- जैसे भ्रष्टाचार, घुसपैठ, उद्योगों का बंद होना और बढ़ती बेरोजगारी को उठाते हुए उमेश राय ने कहा कि जनता अब जवाब चाहती है। उन्होंने “परिवर्तन” की अपील करते हुए विश्वास जताया कि इस बार उत्तर हावड़ा की जनता विकास और सशक्त नेतृत्व के लिए भाजपा का समर्थन करेगी।
साथ ही उमेश राय ने यह भरोसा भी दिलाया कि चुनाव में जीत हासिल होने पर वे जलजमाव, स्वास्थ्य-शिक्षा, रोजगार, सफाई और अधूरी परियोजनाओं जैसी सभी प्रमुख समस्याओं के समाधान के लिए प्राथमिकता के आधार पर कार्य करेंगे और उत्तर हावड़ा को एक विकसित एवं सुव्यवस्थित क्षेत्र बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाएंगे।
उत्तर हावड़ा में उमेश राय की प्रेस कॉन्फ्रेंस, बदहाल व्यवस्थाओं को लेकर टीएमसी पर साधा निशाना












Leave a Reply