कोलकाता : राज्य में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने के बाद भी रंगदारी टैक्स और तोलाबाजी जारी है। दुर्गापूजा के दौरान काफी कुछ सुनने को मिला, लेकिन किसी ने भी पुलिस में शिकायत करने की हिम्मत नहीं की। कारण भी स्पष्ट है, ये तोलाबाज अब विभिन्न सामाजिक कार्यक्रमों में नई सरकार के मंत्रियों के साथ मंच साझा करते हैं। इस कारण शिकायत करने पर पुलिस की भूमिका को लेकर संशय रहता है। लेकिन पहली बार बड़ाबाजार के एक प्रमोटर ने हिम्मत करके थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
बड़ाबाजार के पोस्ता इलाके के एक जाने माने कंस्ट्रक्शन प्रमोटर द्वारा जबरन वसूली की शिकायत दर्ज कराने के बाद पोस्ता पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। प्रमोटर का आरोप है कि काली पूजा, दिवाली और जगतधात्री पूजा के लिए चंदे की मांग को लेकर उसे लगातार परेशान किया जा रहा था और धमकियां दी जा रही हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह घटना 20 अक्टूबर (मंगलवार) से 25 अक्टूबर (रविवार) के बीच हुई, जब शिकायतकर्ता बड़तल्ला स्ट्रीट स्थित अपने कार्यालय में मौजूद था।
आरोप है कि मंगलवार को पांच मिनट के भीतर आरोपी ने 17 व्हाट्सएप कॉल किए। इसके अगले दिन दोपहर में चार और कॉल किए गए। बाद में शिकायतकर्ता ने पुलिस से संपर्क किया और उन कॉन्टैक्ट डिटेल्स को साझा किया, जिनका इस्तेमाल कॉल करने के लिए किया गया था। पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान और पूरी जानकारी की पुष्टि की जा रही है। जांच के तहत इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड और कॉल लॉग की भी जांच की जा रही है।
दुर्गा पूजा से पहले, पुलिस ने निवासियों के लिए ऐसी घटनाओं की रिपोर्ट करने के लिए एक व्हाट्सएप नंबर और 24×7 टोल-फ्री हेल्पलाइन जारी की थी। अधिकारियों ने बताया कि ये नंबर काली पूजा और जगतधात्री पूजा के दौरान भी चालू रहेंगे।
बड़ाबाजार के प्रमोटर ने चंदा वसूली की शिकायत दर्ज कराई













Leave a Reply