बच्ची का जबरन चुम्बन लेने की शर्मनाक सजा

मुख्य बिन्दु :

  1. लड़के और उसके पिता को नग्न घुमाया गया
  2. लड़की के माता – पिता सहित तीन गिरफ्तार
  3. CCTV फुटेज से विस्तृत जानकारी लेगी पुलिस

कोलकाता : रविवार शाम को एक 13 साल की बच्ची का जबरन चुम्बन लेने के आरोप में, एक लड़के, उसके पिता और उसके दोस्त को उनके इलाके में लगभग 50 मीटर तक नग्न करके घुमाया गया। यह घटना दक्षिण कोलकाता के बेहाला इलाके (सरसुना पुलिस स्टेशन के अंतर्गत) में ‘खालपार मठ’ नाम के एक स्थानीय खेल के मैदान के पास की है।

पुलिस सूत्रों और स्थनीय लोगों के अनुसार 18 साल का रोहित मलिक अपने दोस्त रुद्र दास (19) के साथ एक 13 वर्षीया बालिका से मिलने गया था। बातचीत के दौरान, रोहित ने कथित तौर पर बच्ची को पकड़ कर जबरन चुम्बन लिया। लड़की के मामा के एक दोस्त ने यह सब देख लिया और उसने लड़की के मामा और पिता को इस बारे में बता दिया। लड़की के मामा राहुल बर्मन और पिता प्रदीप सरकार, उक्त लड़कों को सरसुना के खुदीराम पल्ली स्थित अपने घर ले गए। वहां उन्होंने लड़कों के साथ मारपीट की और रोहित से उसके पिता को बुलाने के लिए कहा। इसी बीच, मामा ने अपने तीन-चार दोस्तों को भी प्रदीप सरकार के घर बुला लिया। इन सभी ने मिलकर लड़के, उसके पिता और उसके दोस्त को नग्न करके इलाके में घुमाया।

लड़के के पिता ने स्थनीय थाने में जाकर रिपोर्ट दर्ज कराई तो तुरंत कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपियों – प्रदीप सरकार (लड़की के पिता), राहुल बर्मन उर्फ भुलु (लड़की के मामा) और लड़की की मां रिंकू सरकार (जिनका नाम FIR में है) – को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, बाकी आरोपियों को पकड़ने के लिए छापेमारी की जा रही है। जब रोहित के पिता रतन मलिक वहां पहुंचे, तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की और धमकी दी कि अगर वे नग्न होकर नहीं घूमे, तो उन्हें गोली मार दी जाएगी। इसके बाद, उन्होंने तीनों को नग्न करके उनके घर के सामने वाली सड़क पर लगभग 50 मीटर तक घुमाया। रतन मलिक की शिकायत के आधार पर, सरसुना पुलिस स्टेशन ने सोमवार सुबह भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 109, 118(i), 117(2), 127(2), 356(2), 351(3), 140(3), 3(5) और आर्म्स एक्ट की धारा 25(1B)(a) के तहत मामला दर्ज किया है।

दोनों लड़कों का मेडिकल परीक्षण पूरा हो चुका है। उन्होंने आरोप लगाया है कि उन्हें बंदूक के दम पर धमकाया गया और कपड़े उतारने के लिए मजबूर किया गया। हालांकि, अभी तक कोई हथियार बरामद नहीं हुआ है। पुलिस ने बताया कि CCTV फुटेज इकट्ठा की जा रही है और कुछ स्थानीय गवाहों की पहचान की गई है, जिनसे बाद में पूछताछ की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *