हाईलाइट्स :
- एमिरेट्स के एयरबस ए350 का हवाई अड्डे पर स्वागत
- कोलकाता – दुबई के बीच अब सप्ताह में 12 उड़ानें
- यात्रियों की संख्या बढ़ने से और उड़ानों के लिए संभावना
कोलकाता। कोलकाता और दुबई के बीच हवाई यात्रा करने वालों की संख्या में वृद्धि को देखते हुए एमिरेट्स एयरलाइन्स ने नई एयरबस ए350 की सेवा प्रारंभ की है। यह अत्याधुनिक एयरबस रविवार को पहली बार नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचा तो एमिरेट्स के इस नए एयरबस ए350 विमान का पारंपरिक वाटर कैनन सैल्यूट के साथ स्वागत किया गया।
कोलकाता में भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआइ) के प्रवक्ता राजेश कुमार ने बताया कि इस विमान की शुरुआत के साथ ही कोलकाता- दुबई मार्ग पर साप्ताहिक उड़ानों की संख्या 11 से बढ़कर 12 हो गई है।
कोलकाता हवाई अड्डे पर आयोजित स्वागत समारोह में एयरपोर्ट निदेशक विक्रम सिंह ने एमिरेट्स की टीम और यात्रियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि एयरबस ए350 की शुरुआत और उड़ानों की संख्या में वृद्धि यात्री मांग में बढ़ोतरी का संकेत है।
इससे पूर्वी भारत से अंतरराष्ट्रीय हवाई संपर्क को और मजबूती मिलेगी। उन्होंने एमिरेट्स की नई सेवा की सफलता की कामना करते हुए यात्रियों के सुखद सफर की उम्मीद जताई।












Leave a Reply