कोलकाता : उत्तर 24 परगना जिला स्थित बनगांव में 11वीं कक्षा की 17 वर्षीय छात्रा के कथित रेप और मर्डर के आरोप में गिरफ्तार 23 वर्षीय युवक मंगलवार तड़के पुलिस एनकाउंटर में मारा गया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी प्रह्लाद दास ने बनगांव में क्राइम सीन रिक्रिएशन के दौरान (तड़के 3 से 3:30 बजे के बीच) पुलिस की सर्विस रिवॉल्वर छीन ली, पुलिसकर्मियों पर फायरिंग की और भागने की कोशिश में एक तालाब में कूद गया। पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
यह घटना छात्रा का शव रविवार सुबह भारत-बांग्लादेश सीमा के पास गाइघाटा में एक घर के पीछे मिलने के दो दिन बाद हुई है। बताया जा रहा है कि शनिवार रात एक स्थानीय बाजार के पास संगीत कार्यक्रम में शामिल होने के बाद छात्रा लापता हो गई थी। पुलिस के मुताबिक, छात्रा अपने नाना-नानी के साथ रहती थी और एक फोन कॉल आने के बाद वह कार्यक्रम से निकल गई थी। परिवार वालों और पड़ोसियों ने पूरी रात उसे ढूंढा, जिसके बाद स्थानीय लोगों को एक रिश्तेदार के घर के पीछे उसका शव मिला।
शुरुआती जांच में पता चला है कि शव पर कई चोटें थीं, जिनमें सिर और चेहरे पर लगे निशान भी शामिल हैं। जांच के तहत शव का पोस्टमार्टम कराने का आदेश दिया गया था। पुलिस ने गाइघाटा के शिमुलपुर निवासी दास को, जो कथित तौर पर पीड़िता को जानता था, परिवार की शिकायत पर गिरफ्तार किया था। रविवार को बनगांव की एक अदालत ने उसे 10 दिन की पुलिस कस्टडी में भेज दिया था। बनगांव पुलिस जिले की एसपी बिदिशा कलिता दासगुप्ता ने बताया था कि मामले की जांच के लिए इलाके के एडिशनल एसपी के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम (SIT) बनाई गई थी। जांचकर्ता यह भी पता लगाने की कोशिश कर रहे थे कि क्या इस अपराध में कोई और भी शामिल था।
पुलिस ने बताया कि शुरुआती पूछताछ से संकेत मिला है कि आरोपी, छात्रा द्वारा उसकी (आरोपी की) मां के बारे में की गई किसी टिप्पणी को लेकर उससे नाराज था। पुलिस ने कहा कि घटना के पीछे के मकसद और इसमें अन्य लोगों की संभावित संलिप्तता की जांच की जा रही है। इस घटना के बाद इलाके में विरोध-प्रदर्शन शुरू हो गए, जिसके चलते कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए रैपिड एक्शन फोर्स और कॉम्बैट फोर्स के जवानों सहित पुलिस का एक बड़ा दस्ता तैनात किया गया है।
छात्रा के रेप और मर्डर का आरोपी एनकाउंटर में मारा गया
















Leave a Reply