प्रयागराज : प्रयागराज में माघ मेला 15 जनवरी 2027 से शुरू होगा। मकर संक्रांति पर शुरू होने वाला मेला 6 मार्च को महाशिवरात्रि के अंतिम स्नान पर्व के साथ खत्म होगा। प्रशासन ने मेले की तैयारियां शुरू कर दी हैं।
मेले में देशभर से लाखों श्रद्धालुओं, साधु-संतों, कल्पवासियों और धार्मिक संस्थाओं के पहुंचने की संभावना है। मेला करीब 925 हेक्टेयर में बसेगा और इसे आठ सेक्टरों में बांटा जाएगा। श्रद्धालुओं के लिए सड़क, बिजली, पेयजल, शौचालय, सफाई और स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्था की जाएगी।
सुरक्षित स्नान के लिए 3.60 किलोमीटर से ज्यादा लंबे घाट तैयार किए जा रहे हैं। गंगा और यमुना पर नौ पांटून पुल बनाए जाएंगे। काली मार्ग पर दो लेन वाले पांटून पुल का काम भी शुरू हो गया है। इससे श्रद्धालु मेला क्षेत्र के अलग-अलग हिस्सों तक पहुंच सकेंगे।
लाखों श्रद्धालुओं के साथ बड़ी संख्या में वाहन आने की संभावना है। प्रशासन 1.30 लाख से ज्यादा वाहनों की पार्किंग क्षमता तैयार करने की योजना पर काम कर रहा है। यातायात के लिए पुलिया बनाने और सड़कों को बेहतर करने की तैयारी है। रेलवे स्टेशनों पर व्यवस्थाएं बढ़ाने के लिए उत्तर रेलवे के साथ समन्वय किया जा रहा है। मेला क्षेत्र में 400 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरे लगाने की योजना है। प्रमुख रास्तों और भीड़ वाले स्थानों पर निगरानी रखी जाएगी। शहर की 10 प्रमुख सड़कों और 30 चौराहों के सुंदरीकरण और लाइटिंग पर करीब 60 लाख रुपये खर्च करने की योजना है।
माघ मेला 2027 में देव अमृत स्नान धार्मिक परंपराओं का हिस्सा होगा। दंडी संन्यासी अखाड़ों की तर्ज पर इस आयोजन में शोभायात्रा निकालने की तैयारी है।
925 हेक्टेयर में बसेगा प्रयागराज का माघ मेला
















Leave a Reply