फर्जी वोटर आईडी बनवाकर कोलकाता की मतदाता बनी इंडोनेशियाई महिला

कोलकाता : कोलकाता में फर्जी पहचान पत्र बनाकर रहने वाली इंडोनेशियाई महिला के पकड़े जाने के बाद कई नए खुलासे हुए हैं। इंडोनेशियाई महिला रोहाना के फर्जी भारतीय पहचान पत्रों का मामला अब कोलकाता की एंटाली विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची और लद्दाख के सामाजिक कार्यकर्ता जिगमत पल्जोर से संपर्क तक पहुंच गया है। सामने आए दस्तावेजों के अनुसार, रोहाना ने ली किम लियन नाम से कोलकाता के न्यू टेंगरा रोड स्थित मकान संख्या आठ के पते पर मतदाता पहचान पत्र बनवाया था। इसमें पिता का नाम ली चिन सेन और जन्मतिथि 29 जून 1975 दर्ज है।

इसके अलावा उसका नाम एंटाली विधानसभा क्षेत्र-163 के पेई मेई चाइनीज स्कूल मतदान केंद्र से संबद्ध मतदाता सूची में भी दर्ज होने की जानकारी मिली है। यह मतदान केंद्र ईश्वर मंडल लेन स्थित स्कूल में है। मामले में जिगमत पल्जोर से संपर्क का पहलू भी जांच के दायरे में है। पूछताछ के दौरान रोहाना ने जिस मोबाइल नंबर के माध्यम से उनके संपर्क में होने की बात बताई थी, वह नंबर (शिवा) यानी सस्टेनेबल एनर्जी, एनवायरनमेंट, हेल्थ एंड वेलफेयर एसोसिएशन की आधिकारिक वेबसाइट पर दर्ज संपर्क नंबर से मेल खाता है।

जिगमत पल्जोर इस संस्था के संस्थापक निदेशक हैं। इस मिलान के बाद पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां दोनों के बीच संपर्क की प्रकृति, अवधि और उद्देश्य की जानकारी जुटा रही हैं। जांच एजेंसियां यह भी पता लगा रही हैं कि विदेशी नागरिक होने के बावजूद रोहाना का नाम भारतीय मतदाता सूची में किन परिस्थितियों में दर्ज हुआ और इसके लिए किन दस्तावेजों का इस्तेमाल किया गया।

इसके साथ ही फो कुआंग शान कलकत्ता बुद्धिस्ट सेंटर नामक एनजीओ और लद्दाख निवासी जिगमत पल्जोर के बीच संबंधों की भी पड़ताल की जा रही है। रोहाना की इस पूरे मामले में क्या भूमिका रही है, इसकी भी जांच हो रही है। अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ ने बताया कि सभी पहलुओं पर पुलिस की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *