कोलकाता : पश्चिम बंगाल के सीएम शुभेंदु अधिकारी मंगलवार शाम भवानीपुर के हरीश चटर्जी स्ट्रीट के काली पूजा समारोह में पहुंचे। वहां पूर्व सीएम ममता बनर्जी के भाई स्वप्न बंदोपाध्याय उर्फ बाबुन बनर्जी ने न सिर्फ सीएम का फूलों से स्वागत किया बल्कि पैर छूकर उनके आशीर्वाद लिए। साथ ही, शुभेंदु अधिकारी के बार-बार सीएम बनने की कामना भी कर दी। ममता दीदी के सगे भाई बाबुन ने जिस तरह सीएम शुभेंदु पर प्यार लुटाया, उससे कोलकाता की राजनीति गरमा गई। टीएमसी नेता कुणाल घोष ने दावा किया कि ममता बनर्जी पहले ही बाबुन बनर्जी को परिवार से बाहर कर चुकी हैं।
हरीश चटर्जी स्ट्रीट में है ममता बनर्जी का घर
भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र में ही हरीश चटर्जी स्ट्रीट पर ममता बनर्जी का आवास है। उनके परिवार के अन्य सदस्य भी इसी लोकेशन के आसपास रहते हैं। स्वप्न बनर्जी उर्फ बाबुन बनर्जी उनके 6 भाइयों में सबसे छोटे हैं। वह पश्चिम बंगाल ओलंपिक संघ समेत कई खेल संघों के प्रमुख रहे हैं। गणेश बनर्जी के अलावा ममता बनर्जी के सभी भाई राजनीति और बिजनेस से जुड़े रहे। सूत्रों के अनुसार, टीएमसी प्रमुख ने भाई अमित बनर्जी के बेटे अभिषेक बनर्जी को उत्तराधिकारी के लिए चुना। टीएमसी में अभिषेक बनर्जी की बढ़ती दखल के बाद बाबुन ने बागी तेवर दिखाए। विधानसभा चुनाव 2026 से पहले बाबुन बनर्जी ने खुलकर बीजेपी का समर्थन किया था।
ममता बनर्जी के घर के आगे से गुजरे शुभेंदु
शुभेंदु अधिकारी ने पिछले विधानसभा चुनाव में ममता बनर्जी को भवानीपुर से हराया था। मंगलवार को उन्होंने अपने विधानसभा क्षेत्र के काली पूजा पंडालों का दौरा किया। सीएम शुभेंदु सबसे पहले ममता बनर्जी घर के सामने से उनके भाई बाबुन बनर्जी से जुड़े क्लब में पहुंचे। यह पंडाल ममता बनर्जी के आवास के ठीक बगल में है। बाबुन कई सालों से हरीश चटर्जी स्ट्रीट के प्रवेश द्वार पर काली पूजा का आयोजन करते आ रहे हैं। सीएम जैसे ही अपनी कार से उतरे, बाबुन ने पैर छूकर उनका आशीर्वाद लिया। उन्होंने सीएम को कमल के फूलों की माला दी, जिसे शुभेंदु अधिकारी ने मां काली को अर्पित किया। वहां उन्होंने मां-काली की प्रतिमा की आरती भी की। शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि स्थानीय विधायक होने के नाते क्षेत्र लोगों के उत्सवों में शामिल होना मेरी जिम्मेदारी है।
बाबुन बनर्जी ने शुभेंदु को बताया मार्गदर्शक
ममता बनर्जी के भाई बाबुन ने सीएम शुभेंदु अधिकारी को धन्यवाद देते हुए उन्हें अपना मार्गदर्शक बताया। बाबुन बनर्जी ने कहा कि आज मेरे लिए बहुत खुशी का दिन है। मुख्यमंत्री ने मेरी काली पूजा और रक्तदान शिविर में शामिल हुए। मैं अपने क्लब की ओर से उन्हें धन्यवाद देता हूं। यह हमारे लिए बहुत खुशी का दिन है। मैं कई सालों से शुभेंदु अधिकारी के साथ हूं और जीवन भर उनके साथ खड़ा रहूंगा। उन्होंने नंदीग्राम में बहुत बढ़िया काम किया है, जिससे मुझे बहुत खुशी है। मैं चाहता हूं कि सुवेंदु अधिकारी और आगे बढ़ें। दादा, आप आगे बढ़िए, हम आपके साथ हैं।
कुणाल घोष बोले, बनर्जी परिवार से बाहर हैं बाबुन
हरीश चटर्जी स्ट्रीट पर शुभेंदु अधिकारी और बाबुन बनर्जी की करीबी पर तृणमूल कांग्रेस के नेता कुणाल घोष ने प्रतिक्रिया दी। घोष ने कहा कि ममता बनर्जी ने बहुत पहले ही इस व्यक्ति को अपना भाई मानने से इनकार कर दिया था। वे एक साथ भी नहीं रहते हैं। ममता बनर्जी ने उनके बर्ताव को लेकर कई शिकायतें मिलने के बाद उन्हें अपने परिवार के दायरे से बाहर कर दिया था। टीएमसी विधायक ने आरोप लगाया कि सीएम के दौरे से पहले क्षेत्र में लगाए गए ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी के पोस्टर भी पुलिस हटवा दिए।
ममता के भाई ने शुभेन्दु के पैर छू कर आशीर्वाद लिया

















Leave a Reply