राष्ट्रपति भवन के बॉडीगार्ड को सिर में मारी गोली, हालत गंभीर

दिवाली पर पटाखे चलाने को लेकर हुआ था खूनी विवाद

बागपत : उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में दिवाली की रात पटाखे चलाने को लेकर हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। रमाला थाना क्षेत्र के गोपालपुर खड़ाना गांव में पड़ोसियों के बीच हुए विवाद के दौरान राष्ट्रपति भवन में तैनात बॉडीगार्ड सौरभ तोमर को सिर में गोली मार दी गई। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। फिलहाल मेरठ के निजी अस्पताल के आईसीयू में उनका इलाज चल रहा है।

जानकारी के मुताबिक,रात सौरभ तोमर के घर के बाहर पटाखे चलाने को लेकर पड़ोसी युवक धीरज और मोनू उर्फ प्रवीण से कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि इसी दौरान धीरज ने तमंचे से फायरिंग कर दी। गोली दीवार से टकराने के बाद सौरभ के कान के पीछे सिर में जा लगी। बीच-बचाव करने पहुंचे उनके भाई विनीत और मिंटू के साथ भी आरोपियों ने मारपीट की।

घटना के बाद परिजन आनन-फानन में सौरभ को बड़ौत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। वहां से उन्हें मेरठ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। बाद में परिजनों ने उन्हें मेरठ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने ऑपरेशन कर उनके सिर से गोली निकाल दी है, लेकिन उनकी हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है और उन्हें आईसीयू में रखा गया है।

मामले में सौरभ के पिता जनकराज की तहरीर पर रमाला थाने में धीरज और मोनू उर्फ प्रवीण के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।

दिवाली की खुशियों के बीच हुई इस वारदात ने एक बार फिर मामूली विवाद में हिंसा और अवैध हथियारों के इस्तेमाल पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *