काशी : काशी आने वाले पर्यटकों को जल्द ही गंगा घाटों का आसमानी नजारा देखने का मौका मिलेगा। एयर शो के बाद अब पर्यटक हॉट एयर बैलून में सवार होकर गंगा के ऊपर से काशी की खूबसूरती निहार सकेंगे। नमो घाट से 15 नवंबर से हॉट एयर बैलून का संचालन शुरू करने की तैयारी है। इसके लिए स्मार्ट सिटी ने हैदराबाद की कंपनी स्काई वोल्ट के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) किया है।
योजना के तहत कंपनी नमो घाट से हॉट एयर बैलून का संचालन करेगी। इसमें सवार होकर पर्यटक गंगा के ऊपर से काशी के 84 घाटों, गंगा की लहरों और ऐतिहासिक इमारतों का विहंगम दृश्य देख सकेंगे। शहर को आसमान से देखने का यह अनुभव पर्यटकों के लिए नया आकर्षण बनेगा। खासकर उन लोगों को यह सुविधा लुभा सकती है, जो काशी को एक अलग नजरिये से देखना चाहते हैं।
स्मार्ट सिटी कर रहा तैयारी
स्मार्ट सिटी से मिली जानकारी के मुताबिक, हॉट एयर बैलून में एक बार में 10 लोगों के बैठने की क्षमता होगी। एक उड़ान की अवधि 45 मिनट निर्धारित की गई है। इस रोमांचक सफर के लिए प्रति व्यक्ति 17,688 रुपये किराया तय किया गया है। इस तरह एक उड़ान में अधिकतम 10 पर्यटक एक साथ आसमान से काशी की छटा निहार सकेंगे।
पर्यटन कारोबारियों को उम्मीद है कि यह सुविधा शहर में पर्यटन के नए विकल्प के रूप में उभरेगी। टूरिज्म वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष राहुल मेहता का कहना है कि काशी में पर्यटन की संभावनाओं को विस्तार देने के उद्देश्य से शुरू की जा रही यह सुविधा खासतौर पर उन पर्यटकों को आकर्षित कर सकती है, जो शहर को अलग नजरिये से देखना चाहते हैं।
देव दीपावली पर देश-विदेश से बड़ी संख्या में पर्यटकों के काशी पहुंचने की उम्मीद है। ऐसे में हॉट एयर बैलून की शुरुआत उनके आकर्षण का केंद्र बन सकती है। गंगा के ऊपर से रोशनी से जगमगाते घाटों और शहर को देखने का अनुभव पर्यटकों के लिए खास होगा।
काशी में हॉट एयर बैलून: 15 नवंबर से शुरुआत

















Leave a Reply