लखनऊ : लौह पुरुष एवं भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को लखनऊ स्थित पटेल पार्क में उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सरदार पटेल के राष्ट्र निर्माण में दिए गए योगदान को याद करते हुए उन्हें नमन किया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उपस्थित लोगों एवं प्रदेशवासियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल का संपूर्ण जीवन राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता के प्रति अटूट समर्पण का प्रतीक है। उनके दृढ़ संकल्प, दूरदर्शिता और नेतृत्व क्षमता ने देश को एक सूत्र में पिरोने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से सरदार पटेल के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने तथा राष्ट्र की एकता और अखंडता को मजबूत बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प को साकार करने के लिए सभी से मिलकर कार्य करने की अपील की।
सरदार पटेल कौशल प्रशिक्षण एवं रोजगार क्षेत्र विकास योजना का शुभारंभ
इस अवसर पर आयोजित लौह पुरुष एवं भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल जयंती समारोह में मुख्यमंत्री ने ‘सरदार वल्लभभाई पटेल कौशल प्रशिक्षण एवं रोजगार क्षेत्र विकास योजना’ का भी शुभारंभ किया।
इस योजना का उद्देश्य युवाओं को कौशल प्रशिक्षण के माध्यम से रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने तथा उन्हें रोजगारपरक दक्षताओं से जोड़ना है। योजना के शुभारंभ को युवाओं के कौशल विकास और रोजगार सृजन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।
कार्यक्रम में सरदार पटेल के राष्ट्र के प्रति योगदान, उनके विचारों और आदर्शों को याद करते हुए राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता और विकसित भारत के निर्माण का संकल्प दोहराया गया।
सरदार पटेल की 151वीं जयंती पर मुख्यमंत्री योगी ने किया नमन

















Leave a Reply