जमीन में गाड़े गए 3 ड्रमों से मिला करोड़ों का कैश, मकान सील

प्रयागराज : प्रयागराज जिले के नवाबगंज इलाके के बरईपुर (रामनगर) गांव में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां पुलिस ने एक घर के अंदर जमीन में गाड़कर रखे गए 3 ड्रमों से 500-500 के नोटों की भारी-भरकम गड्डियां बरामद की है। शुरुआती गिनती में करोड़ों रुपये कैश होने की बात सामने आ रही है। मिली जानकारी के अनुसार , इस घर में यादव परिवार रहता है, जिसके सदस्य राकेश यादव और राजेश यादव पुणे में नौकरी करते थे। बताया जा रहा है कि एक दिन पहले गांव में किसी बात को लेकर आपसी झगड़ा हुआ था, जिसके बाद पुलिस को यह सूचना दी गई कि इनके पास काला धन छिपाकर रखा गया है, जिससे ये लोग थोड़ा-थोड़ा पैसा निकालकर खर्च करते हैं। इसी सटीक सूचना पर एक्शन लेते हुए डीसीपी गंगानगर और एडीसीपी समेत भारी पुलिस बल ने बुधवार शाम को औचक छापेमारी की।

कार्रवाई से पहले एहतियात के तौर पर पूरे गांव की बिजली कटवा दी गई इसके बाद करीब 40 से अधिक पुलिसकर्मियों ने पुश्तैनी मकान को चारों तरफ से घेर लिया और घर के एक कमरे में खुदाई शुरू कराई लगभग 5 मीटर की खुदाई के बाद जमीन के भीतर छिपाकर रखे गए तीन छोटे ड्रम मिले, जिन्हें सुरक्षा की दृष्टि से काली पन्नी से बांधकर रखा गया था ताकि वे खराब न हों। पुलिस ने जब ये ड्रम खोले, तो अंदर 500-500 के नोटों की गड्डियों के बंडल भरे हुए मिले।

पुलिस ने तीनों ड्रमों से पैसों को निकालकर ज़ब्त कर लिया है और पूरे घर को अपने कब्जे में लेकर सील कर दिया है इतनी भारी मात्रा में नगदी बरामद होने की सूचना तुरंत आयकर विभाग (Income Tax) को दे दी गई है , जो मशीनों की मदद से रकम का आधिकारिक आकलन करने में जुटी हुई है। अचानक सामने आए इस काले धन के राज और करोड़ों रुपये की बरामदगी से पूरे इलाके के ग्रामीण भी हैरान हैं। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मामले की गहराई से जांच कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *