गढ़मुक्तेश्वर गंगा स्नान मेला और तिगरी मेले की तैयारियों की सीएम योगी ने की समीक्षा

श्रद्धालुओं की सुरक्षा, स्वच्छता और सुगम यातायात के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश, मेले में शराब और नशे की बिक्री पर रहेगी पूरी पाबंदी, 17 से 26 नवंबर तक होगा आयोजन

लखनऊ : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर आगामी 17 से 26 नवंबर तक आयोजित होने वाले गढ़मुक्तेश्वर गंगा स्नान मेला एवं तिगरी मेले की तैयारियों की बुधवार को लखनऊ में उच्चस्तरीय समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, स्वच्छता और सुगम यातायात के लिए सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश का यह ‘मिनी कुंभ’ श्रद्धा, अनुशासन और स्वच्छता का प्रतीक बनना चाहिए। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित वातावरण के साथ यातायात एवं पार्किंग की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करें।

सीएम योगी ने गृह, लोक निर्माण, परिवहन, सिंचाई, नगर विकास, ऊर्जा, पंचायती राज और स्वास्थ्य समेत संबंधित विभागों के अधिकारियों को मेला शुरू होने से पहले तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने परिवहन विभाग को श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए अतिरिक्त बसों का संचालन सुनिश्चित करने को कहा।

मुख्यमंत्री ने घाटों पर स्नान के लिए पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध कराने, आवश्यकतानुसार नदी को चैनलाइज करने और प्रत्येक घाट पर पर्याप्त जल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मेले में पर्याप्त संख्या में सफाईकर्मियों की तैनाती हो और सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल पूरी तरह प्रतिबंधित रहे। स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए सीएचसी स्तर के अस्थायी अस्पताल, एंबुलेंस, पर्याप्त चिकित्सा कर्मियों और जरूरी संसाधनों की व्यवस्था की जाए। साथ ही निर्बाध बिजली आपूर्ति और शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जाए।

सुरक्षा के लिए तैनात होंगी पुलिस, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें

मुख्यमंत्री ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पर्याप्त पुलिस बल और महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें भी दोनों तरफ तैनात रहें। मेले से पहले एडीजी, आईजी, डीआईजी और एसएसपी स्तर के अधिकारी पुलिस बल की काउंसिलिंग करें। पब्लिक एड्रेस सिस्टम, वॉच टावर, सीसीटीवी कैमरे, फायर टेंडर, यातायात प्रबंधन, पार्किंग और रूट डायवर्जन की पुख्ता व्यवस्था की जाए। फायर टेंडर अलर्ट मोड पर रहें और कंट्रोल रूम 24 घंटे सक्रिय रहे।

स्थानीय कलाकारों को मिलेगा मंच, नशे के खिलाफ चलेगा अभियान

सीएम योगी ने मेले में खेलकूद और सांस्कृतिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक कार्यक्रमों में स्थानीय कलाकारों को प्राथमिकता से मंच दिया जाए और आस्था के विपरीत कोई भी कार्यक्रम आयोजित न हो।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर दुष्प्रचार करने वाले अराजक तत्वों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने मेले के दौरान नशे के खिलाफ विशेष अभियान चलाने और मेला क्षेत्र में शराब एवं नशीले पदार्थों की बिक्री पर पूरी तरह रोक लगाने के निर्देश दिए।

बच्चों के लिए होंगी विभिन्न प्रतियोगिताएं

मुख्यमंत्री ने मेले में बच्चों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के लिए स्लोगन, भाषण, वाद-विवाद और निबंध प्रतियोगिताएं आयोजित कराने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि मेले का आयोजन ऐसा हो, जिससे श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलें और यह धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक विरासत तथा स्वच्छता की मिसाल बने।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *