कोलकाता : उत्तर दिनाजपुर जिले में अपनी ही 12 साल की भांजी के साथ बलात्कार और उसकी निर्मम हत्या के आरोपी दिलीप रॉय को पुलिस ने सोमवार तड़के एक एनकाउंटर में ढेर कर दिया। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी करने पहुंची टीम पर आरोपी ने अचानक फायरिंग कर दी थी, जिसके बाद आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्रवाई में वह गोली लगने से घायल हो गया और अस्पताल में उसकी मौत हो गई। मासूम बच्ची का नग्न और सड़ा-गला शव कुलिक नदी के पास के जंगलों से मिलने के बाद से ही पुलिस पिछले चार दिनों से आरोपी की सरगर्मी से तलाश कर रही थी।
पुलिस की गाड़ी के टायर में लगी गोली
रायगंज के गौरी ग्राम पंचायत इलाके में हुई इस मुठभेड़ का ब्योरा देते हुए एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, “मूल रूप से झारखंड का रहने वाला दिलीप रॉय रायगंज के पारापुकुर इलाके से बिहार बॉर्डर पार कर भागने की कोशिश में था।” सोमवार तड़के करीब 2:00 बजे गुप्त सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने इलाके को घेरा। घिरता देख आरोपी ने पुलिस पार्टी पर गोलियां चला दीं। एक गोली पुलिस की गाड़ी के टायर में भी लगी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत रायगंज मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
कुलिक नदी दिखाने के बहाने ले जाकर की थी दरिंदगी
इस खौफनाक वारदात की शुरुआत 3 नवंबर को हुई थी। 12 साल की बच्ची दोपहर में अपनी साइकिल लेकर घर से निकली थी, जिसके बाद से वह लापता थी। परिजनों का आरोप था कि उसका सगा मामा / मौसा दिलीप रॉय उसे कुलिक नदी घुमाने के बहाने जंगल की तरफ ले गया था। 5 नवंबर (गुरुवार) को अब्दुलघाटा के पास कुलिक नदी के किनारे जंगल से लड़की का नग्न और आंशिक रूप से सड़ा-गला शव बरामद हुआ। आरोपी ने दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या कर दी थी।
बंगाल में भाजपा सरकार बनने के बाद चौथा एनकाउंटर
पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी (BJP) की सरकार बनने के बाद पुलिस मुठभेड़ की यह चौथी घटना है।
जुलाई 2026: बारुईपुर (दक्षिण 24 परगना) में 11 साल की बच्ची से रेप और मर्डर के आरोपी प्रभास मोंडल को सीन रीक्रिएशन के दौरान पिस्टल छीनकर भागने की कोशिश में मार गिराया गया था।
27 अक्टूबर 2026: गायघाटा (उत्तर 24 परगना) में 11वीं की छात्रा के मर्डर के आरोपी प्रह्लाद दास और मुर्शिदाबाद के समसेरगंज में बीजेपी कार्यकर्ता की हत्या के आरोपी समउल हक को अलग-अलग एनकाउंटरों में ढेर किया गया था।
ताजा एनकाउंटर पर प्रतिक्रिया देते हुए राज्य के मंत्री दिलीप घोष ने दोटूक कहा, “अगर कोई कानून के खिलाफ काम करता है, कानून को अपने हाथ में लेता है या उसका उल्लंघन करता है, तो उसे पुलिस का सामना करना ही पड़ेगा। कुछ परिस्थितियों में पुलिस को ऐसी कार्रवाई करने के लिए मजबूर होना पड़ता है। ऐसी स्थिति न आने दें, हर किसी को कानून का पालन करना चाहिए।”













Leave a Reply