मुख्य बातें :
- दमदम क्षेत्र के नागेरबाजार में युवा डॉक्टर का शव मिला
- अभिजीत सरकार को हॉस्टल के कमरे में फंदे से लटका पाया
- मौके से पुलिस ने सुसाइड नोट भी बरामद किया
कोलकाता। दमदम के नागेरबाजार इलाके में एक युवा डॉक्टर का शव हॉस्टल के कमरे में फंदे से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान अभिजीत सरकार (28) के रूप में हुई है। मॉडर्न हॉस्टल के एक कमरे से उनका शव बरामद किया गया। पुलिस ने मौके से एक सुसाइड नोट भी बरामद किया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, अभिजीत एनआरएस मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के 2018 बैच के छात्र थे। हाउस स्टाफ के रूप में अपनी सेवाएं पूरी करने के बाद वह पीजी मेडिकल परीक्षा की तैयारी कर रहे थे। इसी सिलसिले में नागेरबाजार स्थित मॉडर्न हॉस्टल में रह रहे थे। वह मूल रूप से नदिया जिले के कालियागंज के निवासी थे।
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। प्राथमिक जांच में पता चला कि कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। शुरुआती जांच में मानसिक अवसाद के कारण आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है।
हालांकि, मौत की वास्तविक वजह जानने के लिए शव को पोस्टमार्टम के लिए आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेजा गया है। पुलिस हॉस्टल के अन्य छात्रों से पूछताछ कर रही है। परिजनों ने निष्पक्ष जांच की मांग की है। फिलहाल स्वजन की ओर से कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।
परिवार ने लगाया हत्या का आरोप
पुलिस ने बताया कि मौत से पहले सरकार ने कथित तौर पर अपने व्हाट्सएप स्टेटस पर एक संदेश लिखा था, जिसमें कहा गया था कि मैं अब और बर्दाश्त नहीं कर सकता। नदिया जिले के रहने वाले सरकार ने 2018 में एनआरएस मेडिकल कॉलेज और अस्पताल से एमबीबीएस पूरा किया था। वहीं हाउस स्टाफ सदस्य के रूप में काम कर रहे थे। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि रविवार शाम करीब 4 बजे हॉस्टल प्रशासन ने उनके परिवार को सूचित किया कि वे अपने कमरे में फंदे से लटके पाए गए हैं। उनके परिवार ने आत्महत्या की संभावना को खारिज कर दिया है, आरोप लगाया है कि उनकी हत्या की गई है।













Leave a Reply