कोलकाता : प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने मनी लॉन्ड्रिंग की जांच के सिलसिले में कोलकाता के पूर्व पुलिस उपायुक्त (DCP) शांतनु सिन्हा बिस्वास, उनके परिवार के सदस्यों और सहयोगियों की 2.78 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति जब्त की है। जब्त की गई संपत्तियों में कोलकाता में स्थित तीन फ्लैट और पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के कांदी में मौजूद जमीन शामिल है। ‘प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट’ (PMLA), 2002 के तहत इन्हें ‘अपराध से अर्जित संपत्ति’ (proceeds of crime) माना गया है।
ED के कोलकाता जोनल ऑफिस-II ने हिस्ट्रीशीटर बिस्वजीत पोद्दार (जिसे ‘सोना पप्पू’ के नाम से भी जाना जाता है) और अन्य लोगों से जुड़ी जांच के दौरान इन संपत्तियों को अस्थायी रूप से जब्त किया है। यह जांच पश्चिम बंगाल पुलिस द्वारा सोना पप्पू और उसके साथियों के खिलाफ दर्ज कई FIR के आधार पर शुरू की गई थी। इन FIR में हत्या, जबरन वसूली और जमीन हड़पने जैसे अपराध शामिल हैं।
इससे पहले, 1 अप्रैल, 19 अप्रैल, 26 अप्रैल और 22 मई को ED ने कोलकाता और उसके आसपास के कई ठिकानों पर छापेमारी की थी। इनमें शांतनु, जय एस. कामदार, सोना पप्पू और अन्य लोगों से जुड़े घर भी शामिल थे। इन छापों में 1.64 करोड़ रुपये नकद, सोने के गहने, एक टोयोटा फॉर्च्यूनर कार, बिना लाइसेंस वाला रिवॉल्वर, कई अहम दस्तावेज और डिजिटल डिवाइस जब्त किए गए। इसके बाद, कामदार, शांतनु और सोना पप्पू को PMLA, 2002 की धारा 19(1) के तहत गिरफ्तार कर लिया गया। वे फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं।
ED की जांच से पता चला है कि सोना पप्पू, कामदार और उनके साथियों द्वारा नियंत्रित संस्थाओं के जरिए अवैध गतिविधियों (जैसे जबरन वसूली, रियल एस्टेट संपत्ति हड़पना और बिना अनुमति के निर्माण कार्य) को अंजाम दिया गया, जिससे ‘अपराध से अर्जित संपत्ति’ (proceeds of crime) बनाई गई।
शांतनु, जो कालीघाट पुलिस स्टेशन के प्रभारी अधिकारी और बाद में पुलिस उपायुक्त (DCP) के पद पर रहे थे, ने अपने कार्यकाल के दौरान कामदार के साथ करीबी संबंध बना लिए थे। आरोप है कि उन्होंने कामदार को अवैध गतिविधियों में मदद की थी। ED ने बताया कि शांतनु के साथ संबंधों के कारण, पुलिस बल के भीतर कामदार का काफी प्रभाव था।
एजेंसी ने यह भी कहा कि शांतनु सिन्हा बिस्वास ने प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से कम से कम 2.89 करोड़ रुपये की अपराध से प्राप्त रकम (proceeds of crime) हासिल की, उसे छिपाया और अपने पास रखा। आगे की जांच से पता चला कि शांतनु ने इन संपत्तियों को कंपनियों, परिवार के सदस्यों और सहयोगियों के नाम पर रखकर खुद को इनसे दूर करने की कोशिश की।
खास तौर पर, कोलकाता के होसेनपुर में दो फ्लैट एक कंपनी के नाम पर खरीदे गए थे, जबकि इन्हें शांतनु के कहने पर और उसी के फायदे के लिए लिया गया था। ED ने इसे अपराध से प्राप्त रकम की असली ओनरशिप (स्वामित्व) और उसकी प्रकृति को छिपाने की कोशिश बताया। जांच के दौरान, ED ने 17 जून को कामदार के खिलाफ मुख्य अभियोजन शिकायत (prosecution complaint) दायर की, 10 जुलाई को शांतनु के खिलाफ पहली सप्लीमेंट्री (पूरक) शिकायत दर्ज की, और 17 जुलाई को सोना पप्पू के खिलाफ दूसरी सप्लीमेंट्री शिकायत दायर की।
मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ED का वसूली गैंग पर कड़ा प्रहार














Leave a Reply