अरुणाचल प्रदेश में आकार ले रहा ‘शक्तिपुंज परशुराम’ प्रकल्प

हाईलाइट्स :

  1. सिद्धिविनायक मंदिर से देव आमंत्रण परिक्रमा का शुभारंभ
  2. 20 अक्टूबर तक चलेगी देव आमंत्रण परिक्रमा
  3. गुवाहाटी में भागवत कथा, परशुराम कुंड में मेला

मुंबई/जयपुर : विप्र फाउंडेशन की 17 वर्षों की यात्रा में शामिल दो महत्वाकांक्षी प्रकल्पों को पूर्णता की ओर ले जाने की तैयारियां तेज हो गई हैं। जयपुर में श्रीपरशुराम ज्ञानपीठ के लोकार्पण के बाद अब अरुणाचल प्रदेश में निर्माणाधीन ‘शक्तिपुंज परशुराम’ यानी ‘स्टैच्यू ऑफ स्ट्रेंथ’ प्रकल्प को इसी वित्तीय वर्ष में पूरा कर राष्ट्र को समर्पित करने का लक्ष्य रखा गया है। संगठन के अनुसार, नववर्ष 2027 के आरंभ में विश्व की सबसे बड़ी श्रीपरशुराम प्रतिमा के भव्य अनावरण का उत्सव प्रस्तावित है। इन ऐतिहासिक प्रकल्पों के उपलक्ष्य में देशभर में धार्मिक, सांस्कृक्तिक और सामाजिक आयोजन किए जाएंगे।

इसी क्रम में रविवार को मुंबई स्थित सिद्धिविनायक श्री गणेश मंदिर से ‘देव आमंत्रण परिक्रमा’ कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इस आयोजन के माध्यम से श्रीपरशुराम आगमन उत्सवों और आगामी कार्यक्रमों के लिए देशभर में आमंत्रण अभियान शुरू किया गया है। विप्र फाउंडेशन के पदाधिकारियों ने बताया कि इन आयोजनों का उद्देश्य भगवान श्रीपरशुराम के आदर्शों, भारतीय संस्कृक्ति, शिक्षा और संस्कारों के संदेश को व्यापक स्तर पर पहुंचाना है।

20 अक्टूबर तक चलेगी देव आमंत्रण परिक्रमा

विप्र फाउंडेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सत्यनारायण श्रीमाली ने बताया कि देव आमंत्रण परिक्रमा 20 अक्टूबर तक आयोजित की जाएगी। इसके बाद 4 से 24 दिसंबर तक अयोध्या से अरुणाचल प्रदेश स्थित श्रीपरशुराम कुंड तक आमंत्रण रथयात्रा निकाली जाएगी। इस यात्रा के दौरान देश के 15 प्रमुख शहरों में परशुराम जागृति आयोजन किए जाएंगे। इनके माध्यम से समाज के लोगों को आगामी धार्मिक आयोजनों से जोड़ने और जनभागीदारी बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि संगठन के दोनों प्रमुख प्रकल्प शिक्षा, संस्कृक्ति, सामाजिक एकजुटता और आने वाली पीढ़ियों के उज्वल भविष्य के प्रति समर्पित हैं। इन आयोजनों में समाज के अधिकाधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।

गुवाहाटी में भागवत कथा, परशुराम कुंड में मेला

राष्ट्रीय संगठन महामंत्री डॉ. सुनील शर्मा ने बताया कि गुवाहाटी में 17 से 23 दिसंबर तक श्रीमद्भागवत कथा का दिव्य आयोजन किया जाएगा। इसके बाद अरुणाचल प्रदेश स्थित श्रीपरशुराम कुंड में 13 से 15 जनवरी 2027 तक मेला और सेवा शिविर आयोजित होगा। इस दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा तथा सेवा गतिविधियों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि इन आयोजनों के पश्चात अरुणाचल प्रदेश में निर्माणाधीन ‘शक्तिपुंज परशुराम’ प्रतिमा के भव्य अनावरण का उत्सव प्रस्तावित है। यह प्रकल्प भगवान श्रीपरशुराम के व्यक्तित्व, पराक्रम और सांस्कृक्तिक विरासत को समर्पित है। प्रतिमा के अनावरण को संगठन की यात्रा की महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।

14 मार्च को जयपुर में होगा गोविंद आभार आयोजन

जयपुर स्थित श्रीपरशुराम ज्ञानपीठ में 14 मार्च 2027 को ‘गोविंद आभार’ आयोजन प्रस्तावित है। इसमें दोनों प्रमुख प्रकल्पों के कार्यों की पूर्णता के उपलक्ष्य में आभार व्यक्त किया जाएगा। आयोजन में सहयोगकर्ताओं, समाजबंधुओं और प्रकल्पों से जुड़े लोगों की भूमिका को सम्मानित करने की भी योजना है। डॉ. सुनील शर्मा ने बताया कि आगामी राष्ट्रीय परिषद अधिवेशन-2027 में दोनों प्रकल्पों में सहयोग देने वाले व्यक्तियों औन संस्थाओं का अभिनंदन किया जाएगा। संगठन की ओर से प्रतिवर्ष की तरह ऑडिटेड वार्षिक आय-व्यय विवरण प्रस्तुत कर उसका अनुमोदन कराया जाएगा। इस बार दोनों प्रकल्पों के आरंभसे लेकर पूर्णता तक का परियोजनावार संपूर्ण और समेकित वित्तीय विवरण भी प्रस्तुत किया जाएगा।

जनसहयोग और वित्तीय पारदर्शिता पर रहेगा जोर

विप्र फाउंडेशन ने दोनों प्रकल्पों के वित्तीय विवरण को सार्वजनिक रूप से प्रस्तुत करने की योजना बनाई है। इसमें घोषित या संकल्पित सहयोग राशि और वास्तव में प्राप्त राशि की स्थिति भी शामिल होगी। जनसहयोग से निर्मित प्रतिमा से संबंधित संपूर्ण विवरण क भी प्रतिवेदन का हिस्सा बनाया जाएगा। इसस प्रकल्पों में प्राप्त सहयोग और उसके उपयोग की जानकारी संगठन के सदस्यों तथा समाज के सामने रखी जा सकेगी।

मुंबई में जुटे समाज के प्रमुख पदाधिकारी सिद्धिविनायक मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में विप्र फाउंडेशन के संरक्षक महावीर प्रसाद शर्मा, राष्ट्रीय समन्वयक श्रीकिशन जोशी, भाजपा मुंबई प्रदेश समिति के महामंत्री एवं सिद्धिविनायक ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष आचार्य पवन त्रिपाठी, मुंबई जोन अध्यक्ष सुरेश नागदा, राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य सुधा श्रीमाली, महिला प्रकोष्ठ से मंगला पुरोहिता वनिता शर्मा और निर्मला कौशिक सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे। मुंबई महानगर अध्यक्ष सुधीर खंडेलवाल के साथ किशोर चोटिया राजेश डिडवानिया और प्रेम मिश्र ने भी सहभागिता की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *