नरेंद्र मोदी के नेतृत्व के 25 वर्ष : कैबिनेट ने पारित किया 10 सूत्रीय प्रस्ताव

हाईलाइट्स :

1. अमित शाह बोले – मोदी का नाम स्वर्णिम अक्षरों में लिखा जाएगा

2. ‘सही नेता, सही समय, सही जगह’ – एन. चंद्रबाबू नायडू

3. CM धामी ने पौराणिक काशी विश्वनाथ मंदिर में की विशेष पूजा-अर्चना1

नई दिल्ली : केंद्रीय मंत्रिमंडल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष के निरंतर नेतृत्व को राष्ट्र प्रथम और नागरिक प्रथम के सिद्धांत पर आधारित असाधारण यात्रा बताया और नरेंद्र मोदी के सरकार के मुखिया के रूप में 25 वर्ष तक निरंतर नेतृत्व पूर्ण करने पर बधाई देने वाला प्रस्ताव पारित किया। इसमें कहा गया कि यह मात्र एक औपचारिक सम्मान से कहीं अधिक राष्ट्र प्रथम और नागरिक प्रथम के सिद्धांत से निर्देशित प्रधानमंत्री मोदी की असाधारण यात्रा का उत्सव है।

साथ ही यह गुजरात में तीन बार मिले प्रचंड जनादेश और लगातार तीन लोकसभा चुनावों में मिले समर्थन से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जनता का अटूट विश्वास झलकता है। प्रस्ताव में उनकी 10 प्रमुख विशेषताओं को गिनाया गया, जो गुजरात और उसके बाद भारत में उनके नेतृत्व को जोड़ने वाले अखंड सूत्र को दिखाता है।

प्रस्ताव में सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक और 2025 का ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से राष्ट्रीय सुरक्षा की रणनीति की नई सीमाएं तय करने के लिए प्रधानमंत्री मोदी की प्रशंसा की गई। इसके साथ ही अनुच्छेद 370 को हटाने, एक रैंक एक पेंशन और चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ के पद के सृजन को भी उल्लेख किया गया। माओवादी आतंकवाद के विरुद्ध कार्रवाई और पूर्वोत्तर में शांति प्रयास भी इनमें शामिल हैं। प्रस्ताव में भारत की बढ़ती प्रतिष्ठा को प्रधानमंत्री मोदी की विभिन्न मतभेदों के बावजूद सहयोग स्थापित करने की क्षमता से जोड़ा गया है। जी20 और ब्रिक्स सम्मेलनों में सर्वसम्मति का निर्माण, विकासशील और पिछड़े देशों के पक्ष का समर्थन और अफ्रीकी संघ का जी20 में शामिल होना उनके कूटनीतिक नेतृत्व को दर्शाता है।

36 देशों से प्राप्त सम्मान प्रधानमंत्री मोदी को प्राप्त अंतरराष्ट्रीय सम्मान और साझा समाधानों में भारत के बढ़ते प्रभाव और योगदान को रेखांकित करते हैं। किस तरह से गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर देश के प्रधानमंत्री बनने तक उनके विकास केंद्र में रहा और भारत का विकास एक तरह से उनके गुजरात के विकास के दृष्टिकोण का विस्तार है। नई परियोजनाओं से लेकर पुरानी लंबित परियोजनाओं की निगरानी और उन्हें प्राथमिकता पर पूरा करने का अनुभव का विस्तार प्रधानमंत्री बनने के बाद पूरे देश में देखने को मिला। इसी तरह से व्यक्तिगत जीवन में गरीबी को अनुभव करने वाले प्रधानमंत्री मोदी की गरीबों के प्रति करूणा ने व्यापक स्तर पर सम्मान का रूप ले लिया, जिसने उनके अनुभवों को घरों, पानी, बैंकिंग और स्वास्थ्य सेवाओं को उपलब्ध कराने वाले कार्यक्रमों के रूप में सामने लाया।

कैबिनेट ने मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में समाज के सभी वर्गों के सशक्तिकरण और उनके लिए नए अवसर के दरवाजे खोलने का श्रेय दिया गया। इमें लखपति दीदी से लेकर महिलाओं के लिए विधानसभाओं और लोकसभा में 33 फीसद आरक्षण, स्टार्टअप, कौशल विकास और शिक्षा संबंधी सुधारों का जिक्र है। कैबिनेट के प्रस्ताव में राजनीतिक जोखिमों के बावजूद सुधारों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता की सराहना की गई। इसके अनुसार जीएसटी, कल्याणकारी वितरण में सुधार और औपनिवेशिक कानूनों का प्रतिस्थापन दीर्घकालिक चुनौतियों से निपटने के उनके दृढ़ संकल्प को दर्शाता है। इसके साथ ही प्रधानमंत्री के रूप में आत्मनिर्भर भारत की नींव के निर्माण का भी श्रेय दिया गया। प्रधानमंत्री मोदी का अत्याधुनिक प्रौद्योगिकी के प्रति लगाव नागरिक सुविधाओं के विस्तार के साथ-साथ राष्ट्रीय महात्वाकांक्षी के विस्तार के रूप में भी दिखता है। इससे जन धन, आधार और मोबाइल संपर्क ने कल्याणकारी योजनाओं के वितरण में क्रांतिकारी बदलाव आया तो यूपीआई ने भुगतान प्रणाली का कायाकल्प कर दिया। इसमें कोविड-19 के टीके विकसित करने और चंद्रयान-तीन को चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव के निकट उतारना भी जिक्र किया गया।

अमित शाह ने गुरुग्राम में सेवा ज्योति यात्रा रवाना की

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के तौर पर 25 साल का कार्यकाल पूरा होने पर बुधवार को गुरुग्राम में ‘सेवा ज्योति यात्रा’ कार्यक्रम हुआ। कार्यक्रम में पहुंचे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि 7 अक्टूबर का दिन भारतीय लोकतंत्र के इतिहास में बहुत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि गरीब परिवार में जन्मे एक व्यक्ति ने अपने गुणों के आधार पर करोड़ों लोगों को साथ लेकर 25 साल तक लगातार मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री रहने का रिकॉर्ड बनाया। यह व्यक्ति हमारे प्रिय नेता नरेंद्र मोदी हैं। जब भी भारत का इतिहास लिखा जाएगा, मोदी के ये 25 साल स्वर्णिम अक्षरों में लिखे जाएंगे। अमित शाह ने कहा कि यह गरीबी से मुक्ति, सुरक्षित भारत, धारा 370 हटाना, नक्सलवाद खत्म करना, राम मंदिर और काशी विश्वनाथ का मंदिर बनाना, देश में इन्फ्रास्ट्रक्र और 25 करोड़ गरीबों को गरीबी रेखा से ऊपर उठाने की यात्रा है। हमने अभी-अभी प्रधानमंत्री जी काे सुना है और आज यहां से 800 मीटर दूर चौराहे पर युवा सेवा ज्योति यात्रा लेकर पहुंचेंगे, वहां पर मशाल को प्रतिस्थापित करेंगे। हरियाणा BJP की प्रभारी बनने के बाद स्मृति ईरानी पहली बार हरियाणा पहुंचीं। वह गुरुग्राम में अमित शाह के साथ सेवा ज्योति यात्रा में शामिल हुईं।

NDA नेताओं ने दी बधाई

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 साल पूरे होने पर देश के कई नेताओं ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने मोदी को ‘सही नेता, सही समय और सही जगह’ बताते हुए उनके नेतृत्व की तारीफ की। नायडू ने प्रधानमंत्री मोदी को बधाई देते हुए कहा कि भारत भाग्यशाली है कि उसे “सही नेता, सही समय और सही जगह” मिला। उन्होंने कहा कि मोदी के नेतृत्व में भारत ‘विकसित भारत @ 2047’ के लक्ष्य की दिशा में आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रहा है।

निरंतर समर्पण सभी के लिए प्रेरणा

वहीं लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने प्रधानमंत्री के 25 साल के सफर को “राष्ट्र सेवा का अटूट संकल्प” बताया। उन्होंने कहा कि सेवा, सुशासन और राष्ट्रहित के प्रति प्रधानमंत्री का निरंतर समर्पण सभी के लिए प्रेरणा है।

सुशासन और जनकल्याण

एनडीए के अहम घटक दल जनता दल (यूनाइटेड) की ओर से भी पीएम मोदी को बधाई दी गई है। पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने प्रधानमंत्री मोदी को शासन प्रमुख के रूप में 25 वर्ष पूरे करने पर कहा कि गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर देश के प्रधानमंत्री तक की उनकी यात्रा राष्ट्र निर्माण, सुशासन और जनकल्याण की दिशा में मील का पत्थर साबित हुई है। संजय झा ने अपने संदेश में कोरोना महामारी, भू-राजनीतिक अनिश्चितताओं और तकनीकी बदलावों का जिक्र करते हुए मोदी के नेतृत्व की प्रशंसा की।

‘राष्ट्र प्रथम, सेवा ही जीवन’

पूर्व केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा ने प्रधानमंत्री मोदी के 25 साल के सार्वजनिक जीवन को ‘राष्ट्र प्रथम, सेवा ही जीवन’ के भाव से जुड़ा बताया। उन्होंने गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर प्रधानमंत्री तक की यात्रा के लिए मोदी को बधाई और शुभकामनाएं दीं।

हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (सेक्युलर) के प्रमुख और केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने भी प्रधानमंत्री को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने मोदी के ‘सुशासन’ और ‘सेवा संकल्प’ के 25 वर्ष पूरे होने का उल्लेख करते हुए कहा कि राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ देश की सेवा के प्रति उनके समर्पण को नमन है।

उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेकर निर्वाचित जनप्रतिनिधि के तौर पर अपनी कार्यकारी यात्रा शुरू की थी। इसके बाद वह 2014 में देश के प्रधानमंत्री बने और अब शासन प्रमुख के रूप में 25 वर्ष पूरे कर चुके हैं। पीएम मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को उत्तरकाशी स्थित पौराणिक काशी विश्वनाथ मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की। मुख्यमंत्री ने बाबा विश्वनाथ से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ, दीर्घायु एवं यशस्वी जीवन की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *