भारत इस समय दो बड़े मौसमी खतरों का सामना कर रहा है। एक ओर प्रशांत महासागर में अल-नीनो मजबूत हो रहा है तो दूसरी ओर बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान की संभावना बन रही है। मौसम विभाग के अनुसार अगर बंगाल की खाड़ी का लो प्रेशर सिस्टम और मजबूत होकर डीप डिप्रेशन या चक्रवात में बदल जाता है तो उसका नाम अर्नब रखा जाएगा. यह सिस्टम 20 से 25 सितंबर के बीच सक्रिय हो सकता है।
कोलकाता / भुवनेश्वर : मौसम विभाग के एक अधिकारी के अनुसार, सोमवार शाम से समुद्र में हलचल शुरू हो जाएगी। सोमवार को पूर्वी-मध्य और उससे सटे उत्तर-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में 45 से 55 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
बंगाल की खाड़ी के ऊपर गहरा दबाव बन चुका है। यह दक्षिण ओडिशा-उत्तर आंध्र प्रदेश तट की ओर बढ़ रहा है। इससे भारी बारिश तथा तेज हवाएं चलने की संभावनाएं हैं। यह चक्रवात में भी तब्दील हो सकता है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के पूर्वानुमान के बाद ओडिशा सरकार ने तैयारियां तेज कर दीं। ओडिशा, बंगाल से लेकर उत्तर प्रदेश तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। ओडिशा सरकार ने दक्षिणी और तटीय ओडिशा के 20 जिलों के जिलाधिकारियों को ‘हाई अलर्ट’ पर रहने को कहा है, जबकि 10 अन्य जिलों के जिलाधिकारियों को सतर्क रहने का निर्देश दिया गया है।
23 सितंबर तक ओडिशा के तट तक पहुंचेगा चक्रवात
आईएमडी के अनुसार, गहरा दबाव, कम दबाव वाली प्रणाली का अधिक तीव्र चरण होता है और यह आगे चलकर चक्रवाती तूफान में बदल सकता है। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी ने कहा कि आईएमडी ने हमें बताया है कि बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना कम दबाव वाला क्षेत्र धीरे-धीरे तीव्र हो रहा है और 23 सितंबर को गहरे दबाव के रूप में दक्षिण ओडिशा-उत्तर आंध्र प्रदेश तट पर पहुंचने का अनुमान है। हम इसके अनुसार तैयारियां कर रहे हैं।
22 को पहुंचेगा बंगाल की खाड़ी पर बना दबाव
विशेष राहत आयुक्त राजेश प्रवाकर पाटिल ने कहा कि जिलों और अधिकारियों को निर्देश जारी किए गए हैं कि वे सतर्क रहें और बदलते मौसम पर नजर रखें। आईएमडी ने बताया कि रविवार शाम 5.30 बजे कम दबाव वाला क्षेत्र पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना हुआ था। इसके पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ने तथा सोमवार को दबाव वाले क्षेत्र में और 22 सितंबर को पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर गहरे दबाव में बदलने का अनुमान है।
23 और 24 सितंबर का रेड अलर्ट
मौसम विभाग ने बताया कि यह प्रणाली 23 सितंबर की सुबह उत्तर आंध्र प्रदेश-दक्षिण ओडिशा तट के पास पश्चिम-मध्य और उससे सटी उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी तक पहुंच सकती है। आईएमडी ने इस प्रणाली के प्रभाव से राज्य में भारी से अत्यधिक भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया है और 23 तथा 24 सितंबर के लिए दक्षिणी जिलों में कई स्थानों के लिए ‘रेड अलर्ट’ जारी किया है।













Leave a Reply