राष्ट्रीय चिंतन शिविर में शामिल हुए मंत्री डॉ. अजय कुमार पोद्दार

Highlights:

1. सड़क विकास, सुरक्षित राजमार्गों और गुणवत्तापूर्ण निर्माण पर मंथन

2. भूमि अधिग्रहण में तेजी तथा “भूमि राशि” पोर्टल के उपयोग पर चर्चा

3. आयोजन से देश के साथ–साथ पश्चिम बंगाल को भी लाभ मिलेगा

एकता नगर (गुजरात) : केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय द्वारा 5 एवं 6 अक्टूबर 2026 को स्टैच्यू ऑफ यूनिटी, एकता नगर में आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय चिंतन शिविर “गतिशक्ति से प्रगति” में पश्चिम बंगाल के लोक निर्माण विभाग के मंत्री डॉ. अजय कुमार पोद्दार ने विभागीय अधिकारियों एवं अभियंताओं के साथ भाग लिया।

केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री श्री नितिन गडकरी तथा केंद्रीय राज्यमंत्री श्री हर्ष मल्होत्रा के मार्गदर्शन में आयोजित शिविर में विभिन्न राज्यों के मंत्रियों एवं वरिष्ठ अधिकारियों ने सड़क और राजमार्ग परियोजनाओं से जुड़ी चुनौतियों, अनुभवों तथा बेहतर कार्यप्रणालियों पर विचार-विमर्श किया।

शिविर के विभिन्न सत्रों में पीएम गतिशक्ति के माध्यम से समन्वित आधारभूत संरचना की योजना, परियोजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन, भूमि अधिग्रहण में तेजी तथा “भूमि राशि” पोर्टल के उपयोग पर चर्चा हुई। इसके अतिरिक्त मॉडल रियायत समझौतों, परियोजनाओं के मूल्यांकन, सुरक्षित राजमार्गों के निर्माण, गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा परियोजनाओं की निगरानी पर मंथन किया गया।

शिविर के समापन पर डॉ. पोद्दार ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन से देश के साथ-साथ पश्चिम बंगाल को भी लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार के दौरान केंद्र के साथ समन्वय की कमी के कारण पश्चिम बंगाल राष्ट्रीय राजमार्ग विकास के क्षेत्र में पीछे रह गया। अब केंद्र के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर राज्य में सड़क एवं राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं को तेज गति से आगे बढ़ाया जाएगा।

डॉ. पोद्दार ने बताया कि शिविर के माध्यम से सड़क निर्माण की नई तकनीकों और बेहतर कार्यप्रणालियों की जानकारी प्राप्त हुई। उन्होंने कहा कि इन अनुभवों का उपयोग राज्य की सड़क परियोजनाओं में बेहतर समन्वय, प्रभावी निगरानी, समयबद्ध क्रियान्वयन तथा गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित करने के लिए किया जाएगा।

डॉ. पोद्दार के साथ लोक निर्माण विभाग, पश्चिम बंगाल के संयुक्त सचिव श्री निर्मल मंडल, मुख्य अभियंता (सड़क) श्री विकास कुमार माजी सहित अन्य विभागीय अधिकारी एवं अभियंता भी शिविर में सम्मिलित हुए।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *