Highlights:
1. रेजीनगर सीट पर वापस लौटा ममता का प्रत्याशी
2. नंदीग्राम में कांग्रेस के प्रत्याशी को ममता का समर्थन
3. पुराने मामले में गिरफ्तार हुआ कांग्रेस प्रत्याशी
कोलकाता : पश्चिम बंगाल में विधानसभा उपचुनाव से पहले रेजीनगर सीट से ममता बनर्जी गुट के उम्मीदवार रबीउल आलम चौधरी ने नामांकन वापस लेने का फ़ैसला बदल दिया है। अब उन्होंने कहा है कि वह चुनाव लड़ेंगे ।
रबीउल आलम चौधरी ने शनिवार को मीडिया से बातचीत में कहा कि ममता बनर्जी से हुई बातचीत के बाद उन्होंने नामांकन वापस नहीं लेने का फ़ैसला किया। उन्होंने कहा, “पहले मैंने ऐसा करने का फ़ैसला किया था। लेकिन अब वह फ़ैसला बदल दिया है। मैं चुनाव लड़ूँगा। “
जब उनसे पूछा गया कि पहले वह चुनाव चिन्ह को लेकर दिक़्क़त की बात कह रहे थे, तो अब उनका रुख क्यों बदला, इस पर रबीउल आलम चौधरी ने कहा, “अब जो होगा, देखा जाएगा। ” रबीउल आलम चौधरी ने घोषणा की कि भले ही उनके पास 10 वर्कर हैं, लेकिन वह उनके साथ कैंपेन करेंगे। ”कैंडिडेट पोस्ट वापस लेने के फैसले के बारे में जानने के बाद, पार्टी के टॉप लीडरशिप ने उनसे बात की।” ”मैंने पार्टी के कई नेताओं से बात की, और उनके कहने पर, मैंने फैसले पर फिर से सोचा।”
उन्होंने अपना फ़ैसला बदलने की वजह बताते हुए कहा, “हम दीदी की पार्टी में हैं। वो हमारा भला-बुरा सोचती-समझती हैं। ऐसे में हम दीदी की बात नहीं काट सकते। इसलिए दीदी की बात पर भरोसा करते हुए मैंने चुनाव लड़ने का फ़ैसला किया है। “
शनिवार को नामांकन वापसी के आखिरी दिन, ममता कैंप के आधिकारिक उम्मीदवार रबीउल आलम चौधरी ने अचानक इस उपचुनाव की रेस से हटने का एक बेहद बड़ा और चौंकाने वाला फैसला लेकर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया था। उन्होंने आरोप लगाया था कि पार्टी कार्यकर्ताओं पर दबाव डाला जा रहा है और कई लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है। उन्होंने नाम वापस लेने का फैसला इसलिए किया क्योंकि इन परिस्थितियों में चुनावी लड़ाई जारी रखना संभव नहीं है।
रबीउल के नाम की घोषणा 13 सितंबर को रेजीनगर से ममता बनर्जी के खेमे के उम्मीदवार के रूप में की गई थी, और उन्होंने 16 सितंबर को अपना नामांकन दाखिल किया था। उसी दिन कांग्रेस उम्मीदवार ने भी अपना नामांकन भरा था। इसी बीच, 16 सितंबर को आखिरी वक्त पर ऋतब्रत बनर्जी के खेमे के उम्मीदवार सफिउज्जमां शेख (उर्फ हबीब मास्टर) ने भी अपना नामांकन दाखिल कर दिया। इससे ऐसी स्थिति पैदा हो गई है कि तृणमूल कांग्रेस के दो विरोधी गुटों के उम्मीदवार एक ही निर्वाचन क्षेत्र में आमने-सामने होने वाले हैं।
दूसरी तरफ पश्चिम बंगाल की नंदीग्राम विधानसभा उपचुनाव में शुक्रवार को तब नाटकीय मोड़ आ गया जब ममता बनर्जी की पार्टी की उम्मीदवार ने अचानक अपना नाम वापस ले लिया। इसके बाद ममता बनर्जी ने कांग्रेस के प्रत्याशी को अपना समर्थन देने की घोषणा कर दी। अब कांग्रेस उम्मीदवार मिलन प्रधान को पुलिस ने गिरफ़्तार कर लिया है। इसे लेकर कांग्रेस और ममता बनर्जी समेत कई नेताओं ने प्रतिक्रिया दी है और इसे ‘लोकतंत्र की हत्या’ बताया है।
राहुल गांधी ने एक्स पर लिखा, “नंदीग्राम उपचुनाव के लिए कांग्रेस उम्मीदवार मिलन प्रधान की गिरफ़्तारी कोई संयोग नहीं, राजनीतिक प्रतिशोध है – लोकतंत्र की हत्या है। ”
उन्होंने आरोप लगाया, “बीजेपी का निष्पक्ष चुनाव में भरोसा ही नहीं – इसलिए कभी वोट चोरी, कभी सरकार चोरी और कभी पार्टी चोरी से सत्ता बचाना चाहती है। वो चुनाव नहीं लड़ना चाहते, चुनावी मुक़ाबला ही ख़त्म कर देना चाहते हैं। “
कांग्रेस पार्टी ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, “पश्चिम बंगाल में बीजेपी और इलेक्शन कमीशन मिलकर चुनाव को लूटने में लगे हैं। नंदीग्राम उपचुनाव से पहले आज जो घटनाक्रम हुआ, वो लोकतंत्र के लिए काला धब्बा है। “
“पहले ममता बनर्जी जी के कैंडिडेट को डरा-धमकाकर नामांकन वापस करवाया गया और अब कांग्रेस के कैंडिडेट मिलन प्रधान जी को 19 साल पुराने केस में गिरफ़्तार कर लिया गया है।”
कांग्रेस ने आरोप लगाया, “नरेंद्र मोदी और ज्ञानेश कुमार लोकतंत्र को पूरी तरह से ख़त्म करने में लगे हैं। ये सारी साजिशें उसी का सबूत है। “
पश्चिम बंगाल कांग्रेस अध्यक्ष शुभांकर सरकार ने कहा, “यह लोकतंत्र की हत्या है। हमारे उम्मीदवार मिलन प्रधान को गिरफ़्तार करने के साथ ही ये मालूम हो गया कि बीजेपी डर गई है। “
इससे पहले, राज्य की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने आरोप लगाया, “हमने कांग्रेस उम्मीदवार को समर्थन देने की घोषणा की और इसके कुछ ही मिनटों बाद उन्हें गिरफ़्तार कर लिया गया। यह टाइमिंग बीजेपी फ़ार्मूला पर गंभीर सवाल खड़े करती है कि कोई पुराना केस ढूंढो। “ममता बनर्जी ने अपनी पार्टी का नाम और सिंबल छीने जाने पर गंभीर नाराज़गी जताई है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी पार्टी पर ‘बीजेपी को समर्थन देने के लिए दबाव बनाया जा रहा था, लेकिन देश और जनता की भलाई’ में ऐसा नहीं किया।
कोलकाता में एक प्रेस कॉन्फ़्रेस उन्होंने कहा, “पहले उन्होंने उद्धव ठाकरे की पार्टी को तोड़ा, उसके बाद एनसीपी को तोड़ा। फिर हमलोगों के पास बीजेपी को समर्थन देने के लिए कई धमकियां आईं, लेकिन हमने देश और जनता की भलाई में ऐसा नहीं किया। “
ममता बनर्जी ने कहा, “इन सबके बाद भी हमने कभी नहीं सोचा था कि वे हमारा सिंबल और पार्टी का नाम सीज़ कर लेंगे। 29 साल पुरानी पार्टी के साथ वो ऐसा कैसे कर सकते हैं?”
वहीं, 18 सितंबर 2026 को नंदीग्राम सीट से ममता गुट की उम्मीदवार संचिता प्रधान डे ने मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी से मुलाक़ात के बाद अपना नामांकन वापस लिया था।
इसके बाद ममता बनर्जी ने कांग्रेस उम्मीदवार मिलन प्रधान को समर्थन देने की बात कही थी। हालांकि, बाद में मिलन प्रधान को 19 साल पुराने एक मामले में गिरफ़्तार कर लिया गया।
नंदीग्राम और रेजीनगर विधानसभा सीटों पर 6 अक्टूबर को मतदान होना है, जबकि मतगणना 9 अक्टूबर को होगी।













Leave a Reply