TMC के बागी गुट ने भी उतारे कैंडिडेट
पश्चिम बंगाल की नंदीग्राम और रेजीनगर विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव के लिए बागी तृणमूल कांग्रेस गुट ने उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं. गुट ने नंदीग्राम से मोहम्मद एतेशामुल हक और रेजीनगर से सफीउद्दीन शेख को मैदान में उतारा है।
भाजपा ने नंदीग्राम से हासीरानी रथ और रेजीनगर से शाखारव सरकार को अपना उम्मीदवार बनाया है। मुख्यमंत्री सुवेन्दु अधिकारी के दिवंगत निजी सहायक (पीए) चंद्रनाथ रथ की मां हासीरानी रथ का नामांकन दाखिल करने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे।
मुख्यमंत्री ने नंदीग्राम सीट से भाजपा प्रत्याशी हासिरानी रथ के नामांकन के बाद आयोजित जनसभा में बड़ी संख्या में पहुंचे अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों की ओर इशारा करते हुए कहा कि नंदीग्राम और रेजीनगर के अल्पसंख्यक वोटर से मैं अपील करना चाहता हूं कि आपके पास एक मौका आया है। छह अक्टूबर को आपकी परीक्षा होगी, जिसमें आपको बताना होगा कि आप सरकार और मुख्यमंत्री के साथ हैं या नहीं। सरकार के साथ मिलकर काम करना चाहते हैं या नहीं। इस परीक्षा में आपको पास होना है या फेल, यह फैसला मैं आप पर छोड़ता हूं। मुख्यमंत्री ने नंदीग्राम के लोगों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि इस निर्वाचन क्षेत्र के लोगों से मैंने जो भी वादे किए हैं, उन्हें पूरा करना मेरी जिम्मेदारी है। पिछली तृणमूल सरकार के दौरान नंदीग्राम के सभी भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ दर्ज झूठे आपराधिक मामलों को वापस लेना मेरी जिम्मेदारी है। अत्याचार झेलने वाले सभी कार्यकर्ताओं को काम, आश्रय और भोजन उपलब्ध कराना मेरा वादा है।
सुवेन्दु ने इस दौरान चंद्रनाथ रथ को भी याद किया और हत्याकांड के दोषियों को कठोरतम सजा दिलाने का संकल्प दोहराया। मुख्यमंत्री ने कहा कि चंद्रनाथ का सबसे बड़ा अपराध यही था कि उसने उस समय के विपक्ष के नेता यानी मेरी मदद की थी।
बताते चलें कि बंगाल में विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद सुवेन्दु के नौ मई को मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण से तीन दिन पहले छह मई को उनके निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की उत्तर 24 परगना जिले के मध्यमग्राम में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले की सीबीआइ जांच कर रही है।
पश्चिम बंगाल की 2 विधानसभा सीटों पर हो रहे उपचुनाव के लिए नामांकन का 16 सितंबर बुधवार को आखिरी दिन था। नंदीग्राम विधानसभा सीट पर तृणमूल कांग्रेस (ममता बनर्जी गुट) की उम्मीदवार ने परचा दाखिल नहीं किया है। रेजीनगर सीट पर पार्टी प्रत्याशी ने परचा भर दिया है।
रेजीनगर में अन्य पंजीकृत पार्टियों के 3 उम्मीदवार
चुनाव आयोग के मुताबिक, बंगाल विधानसभा उपचुनाव 2026 में रेजीनगर विधानसभा सीट पर 3 उम्मीदवार ऐसे हैं, जो अन्य पंजीकृत पार्टियों की श्रेणी में आने वाले दल के टिकट पर मैदान में उतरे हैं. इन पार्टियों के नाम आम जनता उन्नयन पार्टी (AJUP), रिवोल्यूशनरी सोशलिस्ट पार्टी (आरएसपी) और रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (अठावले) हैं।
नंदीग्राम में अन्य पंजीकृत पार्टियों के 3 प्रत्याशी
रेजीनगर की तरह नंदीग्राम विधानसभा सीट पर भी 3 उम्मीदवार अन्य पंजीकृत पार्टियों के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं। इन पार्टियों के नाम भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी, ऑल इंडिया सेक्युलर फ्रंट और जातीय उन्नयन पार्टी हैं।











Leave a Reply