आपदा प्रभावित लोगों को निरंतर खाने-पीने की सामग्री वितरित कर रहे हैं राजीव गोलछा
कोलकाता। देश एवं समाज पर जब भी कोई आपदा आती है, तो समाज में कुछ ऐसे लोग भी हैं जो तन, मन-धन के साथ पूरी तरह समर्पित भाव से मानवता की रक्षा के लिए आगे आकर खड़े हो जाते हैं। समुद्री तूफान यास से जब पश्चिम बंगाल के कई इलाके जलमग्न हो गए और वहां से पलायन करने वाले लोगों के सामने खाने-पीने की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गयी तो ऐसे कठिन समय में महानगर के प्रसिद्ध फिल्म प्रोडक्शन हाउस राजीव प्रोडक्शन जरूरतमंदों के लिए फरिश्ता बनकर सामने आया। राजीव प्रोडक्शन के कर्णधार राजीव गोलछा उत्तर 24 परगना, दक्षिण 24 परगना और पूर्वी मेदिनीपुर आदि क्षेत्रों में बेघर हुए लोगों को निरंतर सूखा खाना, पानी, मास्क और सैनिटाइजर मुहैया करा रहे हैं।
संकट के इस समय राजीव गोलछा सही मायने में इंसानियत की मिशाल पेश कर रहे हैं। वे तूफान आने के बाद से ही अपनी पूरी टीम के साथ नि:स्वार्थ भाव से प्रभावित लोगों को राहत पहुंचाने में जुटे हुए है। उनके द्वारा अब तक तूफान से प्रभावित 961 परिवारों को मदद पहुंचायी गयी है और यह सिलसिला निरंतर जारी है। कोरोना संक्रमण के खतरों के बावजूद वे हर उस क्षेत्र में पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं जहां पर लोगों को मदद की जरूरत है और उन्हें जरूरत की सामग्री जैसे चावल, दाल, तेल, आलू, बिस्कुट, साबुन, पानी, मूढी, मखाना, ब्रेड, सत्तू, मास्क, सैनिटाइजर आदि वितरित कर रहे हैं। रविवार, 6 जून को उन्होंने दीघा, तमलुक एवं कोलाघाट में राहत शिविर लगाकर बड़ी संख्या में लोगों की मदद की। मदद का यह सिलसिला आगे भी जारी रहेगा।
सेवाभावना से ओतप्रोत राजीव प्रोडक्शन के कर्णधार राजीव गोलछा का कहना है कि ईश्वर द्वारा प्रदान की गयी परोपकारी शक्ति को जनसेवा के कार्यों में लगाने से हमें काफी खुशी महसूस होती है। गरीब और असहाय लोगों के लिए हमारी संस्था हमेशा काम कर रही है और आगे भी करती रहेगी। मेरी सभी लोगों से अपील है कि अपने सामाजिक उत्तरदायित्वों का निर्वहन अवश्य करें। ईश्वर ने अगर सक्षम बनाया है तो कोरोना के नियमों, सामाजिक दूरी का पालन करते हुए इस संकट के समय जरूरतमंदों की मदद अवश्य करें। साथ ही मैं लोगों से यह भी कहना चाहता हूं कि निराश न हों, धैर्य बनाए रखें, यह मुश्किल समय भी गुजर जायेगा।













Leave a Reply