पबजी गेम पार्टनर ने की अंजलि शॉ की हत्या, दिल्ली से पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

कोलकाता में योग प्रशिक्षक अंजलि शॉ की हत्या के मामले में पुलिस ने उनके गेमिंग पार्टनर धर्मबीर कुमार को दिल्ली से गिरफ्तार किया है।

कोलकाता। डनलप इलाके में 26 वर्षीय योग प्रशिक्षक अंजलि शॉ की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी धर्मबीर कुमार अंजलि का गेमिंग पार्टनर था। पुलिस को शक है कि किसी दूसरी महिला को लेकर दोनों के बीच अनबन हो गई थी, जिसके बादआरोपी ने इस हत्या की साजिश रची।

दिल्ली से हुआ गिरफ्तार

आरोपी धर्मबीर कुमार को गुरुवार को पूर्वी दिल्ली के आनंद विहार टर्मिनल रेलवे स्टेशन के बाहर से पकड़ा गया था। इसके बाद दिल्ली की आनंद विहार अदालत से ट्रांजिट रिमांड मिलने पर शुक्रवार को उसे कोलकाता लाया गया। पुलिस उपायुक्त कुंतल बंद्योपाध्याय ने बताया कि आरोपी से सख्ती से पूछताछ की जा रही है। यह गिरफ्तारी बारह नगर स्थित एक रिश्तेदार के खाली फ्लैट से अंजलि का शव बरामद होने के करीब दो दिन के बाद हुई।

PUBG गेम खेलते समय हुआ था संपर्क

पुलिस जांच के अनुसार, लखनऊ के हजरतगंज का रहने वाला करीब 30 वर्षीय धर्मबीर पबजी गेम खेलते समय अंजलि के संपर्क में आया था। दोनों के बीच विवाद तब शुरू हुआ, जब धर्मवीर एक अलग गेमिंग ग्रुप में किसी दूसरी महिला के साथ खेलने लगा।

पुलिस का मानना है कि इसी बात से नाराज होकर उसने हत्या का प्लान बनाया। साजिश के तहत आरोपी रविवार (8 नवंबर) दोपहर को कोलकाता पहुंचा और दक्षिणेश्वर के एक गेस्ट हाउस में कमरा लेकर ठहरा।

मंगलवार दोपहर को धर्मबीर के कहने पर अंजलि बारा नगर की शीतला माता लेन स्थित अपनी बहन और जीजा के खाली फ्लैट पहुंची। पुलिस ने बताया कि धर्मबीर दोपहर करीब 1:30 बजे फ्लैट के अंदर दाखिल हुआ। उसने वहां अंजलि की हत्या की और बाहर से ताला लगातर फरार हो गया। जाते समय वह अंजलि का मोबाइल फोन और कुछ कीमती सामान भी अपने साथ ले गया। इसके बाद वह वापस गेस्ट हाउस पहुंचा और फिर हावड़ा स्टेशन से विभूति एक्सप्रेस पकड़कर दिल्ली भाग गया।

अंजलि के फोन से परिजनों को भेजे मैसेज

पुलिस को गुमराह करने के लिए आरोपी ने ट्रेन में सफर के दौरान अंजलि के फोन से उनके परिजनों को मैसेज भेजे, ताकि घरवालों को लगे कि वह जिंदा है। पुलिस के अनुसार, उसने मुगलसराय तक अंजलि का फोन इस्तेमाल किया और फिर उसे बंद कर अपना फोन चालू कर लिया। पकड़े जाने के डर से वह रास्ते भर बार-बार फोन बंद-चालू करता रहा और अपनी लोकेशन बदलता रहा। अंजलि के पिता ने पुलिस को बताया कि धर्मबीर उनके परिवार से पहले से परिचित था और अंजलि को अपनी बहन कहता था। उन्होंने निक राजपूत नाम के एक पबजी खिलाड़ी की भी जानकारी दी है, जिसके बारे में पुलिस को शक है कि यह अकाउंट आरोपी का ही है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस हत्याकांड में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था या नहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *