बांग्लादेशी आतंकी संगठन से जुड़ा एक और व्यक्ति गिरफ्तार

कोलकाता : नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (एनआईए) ने 10 अक्टूबर को पश्चिम बंगाल से एक और आरोपी को गिरफ़्तार किया। यह गिरफ़्तारी प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन ‘जमात-उल-मुजाहिदीन बांग्लादेश’ (जेएमबी) की एक शाखा द्वारा रची गई आतंकी साज़िश के सिलसिले में की गई है। गिरफ़्तारी के दौरान आरोपी के पास से मोबाइल फोन और मेमोरी कार्ड समेत कई डिजिटल डिवाइस जब्त किए गए।


एनआईए के मुताबिक असम, पश्चिम बंगाल और केरल में 16 जगहों पर तलाशी के बाद 29 सितंबर को 13 आरोपियों की गिरफ़्तारी हुई थी और यह गिरफ़्तारी भी उसी सिलसिले में हुई है। इससे पहले, 25 जून को एनआईए ने गुवाहाटी (असम) की स्पेशल कोर्ट में 11 आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 और यूए (पी) एक्ट, 1967 की अलग-अलग धाराओं के तहत चार्जशीट दायर की थी।


एनआईए की जांच से पता चला है कि आरोपी ‘इमाम महमूदर काफ़िला’ (आईएमके) की साज़िश में शामिल था। आईएमके, जेएमबी का ही एक हिस्सा है और इसका मकसद पश्चिम बंगाल और भारत के पूर्वोत्तर राज्यों में प्रतिबंधित संगठन की चरमपंथी विचारधारा को फैलाना और उसके आतंकवादी नेटवर्क का विस्तार करना था। इस साज़िश में आसानी से प्रभावित होने वाले युवाओं को कट्टरपंथी बनाना, चरमपंथी विचारधारा का प्रचार करना और लोगों को संगठन में भर्ती करना शामिल था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *