नंदीग्राम और रेजीनगर में लहराया भगवा; बाकी पार्टियां काफी पीछे

कोलकाता : पश्चिम बंगाल की नंदीग्राम और रेजीनगर विधानसभा सीट पर बीजेपी ने बड़ी जीत दर्ज की है। रेजीनगर और नंदीग्राम दोनों सीटों पर बीजेपी ने शुरू से ही मजबूत बढ़त बना ली थी। इस उपचुनाव में बीजेपी के लिए नंदीग्राम सीट पर अपना प्रभाव बनाए रखना अहम था।

नंदीग्राम सीट पर BJP की हासी रानी रथ ने रचा इतिहास

पश्चिम बंगाल की नंदीग्राम विधानसभा सीट पर बीजेपी उम्मीदवार हासी रानी रथ ने शानदार जीत दर्ज की है। सभी 17 राउंड की मतगणना पूरी होने के बाद उन्हें कुल 1,64,427 वोट मिले। उन्होंने कांग्रेस उम्मीदवार मिलन प्रधान को 1,22,753 वोटों के बड़े अंतर से हराया। नंदीग्राम विधानसभा सीट के इतिहास में इतनी बड़ी जीत किसी भी उम्मीदवार को नहीं मिली है। मिलन प्रधान को 41,674 वोट मिले, जबकि CPI उम्मीदवार शांति गोपाल गिरि 5,779 वोटों के साथ तीसरे स्थान पर रहे।

रेजीनगर सीट पर बीजेपी के शंखरव सरकार की जीत

वहीं, रेजीनगर में बीजेपी 75 हजार से भी ज्यादा वोटों के अंतर से जीती है। इस चुनावी संग्राम में बीजेपी, कांग्रेस, ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस (TMC), बागी TMC गुट, वामदल (CPI-M) और हुमायूं कबीर की AJUP समेत कई प्रमुख दल आमने-सामने थे।

15 में से सभी 15 राउंड की मतगणना पूरी होने के बाद शंखरव सरकार को कुल 1,29,914 वोट मिले। उन्होंने आम जनता उन्नयन पार्टी के उम्मीदवार गुलाम नबी आजाद (रॉबिन) को 75,816 वोटों के बड़े अंतर से हराया। गुलाम नबी आजाद को 54,098 वोट मिले, जबकि कांग्रेस उम्मीदवार अब्दुल्लाहिल काफ़ी 6,168 वोटों के साथ तीसरे स्थान पर रहे।

यह जीत मेरी नहीं, बल्कि कमल की है: शंखरव सरकार

पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में स्थित रेजीनगर विधानसभा सीट से जीतने वाले बीजेपी उम्मीदवार शंखरव सरकार ने कहा, ‘यह जीत मेरी नहीं, बल्कि कमल की है। यह जीत श्यामा प्रसाद मुखर्जी और डॉ. हेडगेवार की है। इस जीत पर मेरा कोई व्यक्तिगत दावा नहीं है। बंगाल में मेरी कोई खास हैसियत नहीं है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी अल्पसंख्यक समुदाय के साथ संवाद कर रहे हैं। हम इस दिशा में मिलकर काम कर रहे हैं। मैं उनके साथ हूं और उनके रास्ते पर चल रहा हूं। हम रेजीनगर के औद्योगिक क्षेत्र में सक्रिय रूप से काम कर रहे हैं।’

इन सीटों पर 6 अक्टूबर को कड़ी सुरक्षा के बीच वोटिंग हुई थी, जिसमें केंद्रीय बलों की 71 कंपनियां तैनात की गई थीं। इस बार पश्चिम बंगाल की इन 2 सीटों का चुनाव दिलचस्प रहा है और इन सीटों पर बंपर वोटिंग भी हुई है। रेजीनगर में 78.42 प्रतिशत वोटिंग हुई है जबकि नंदीग्राम में 79.39 फीसदी वोटिंग दर्ज की गई है।

BJP के लिए क्यों अहम है नंदीग्राम सीट?

पश्चिम बंगाल के नंदीग्राम और रेजीनगर सीटों पर सबकी नजर है। नंदीग्राम सीट बीजेपी के लिए बेहद अहम है, क्योंकि यहां से मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने जीत दर्ज की थी। सीएम शुभेंदु ने भवानीपुर में ममता बनर्जी को हराया था। भवानीपुर और नंदीग्राम दोनों जगहों से जीतने के बाद उन्होंने नंदीग्राम सीट छोड़ दी थी, जिसके चलते यहां उपचुनाव हुआ। यहां से बीजेपी ने हसीरानी रथ को उम्मीदवार बनाया। वहीं, कांग्रेस ने मिलन प्रधान को मैदान में उतारा।

इसके अलावा रेजीनगर सीट से हुमायूं कबीर की पार्टी की ओर से उनके बेटे गुलाम नबी आजाद को प्रत्याशी बनाया गया। रेजीनगर सीट हुमायूं कबीर के सीट छोड़ने के बाद खाली हुई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *