कोलकाता : केंद्रीय नागर विमानन मंत्री के. राममोहन नायडू ने सोमवार को कहा कि पश्चिम बंगाल में अगले दो वर्षों में चार नए हवाई अड्डे विकसित किए जाएंगे। नायडू ने पश्चिम बंगाल में ‘उड़ान’ योजना के क्रियान्वयन के लिए नागर विमानन मंत्रालय और पश्चिम बंगाल सरकार के बीच समझौते पर हस्ताक्षर के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में कहा कि केंद्र सरकार क्षेत्र में हवाई संपर्क की बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए कोलकाता में दूसरा हवाई अड्डा भी चाहती है। उन्होंने कहा कि चार नए हवाई अड्डे पुरुलिया के छर्रा, पश्चिम मेदिनीपुर के कलाईकुंडा, दक्षिण दिनाजपुर के बालुरघाट और अलीपुरद्वार के हासीमारा में बनाए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने कोलकाता से यूरोप के लिए सीधी उड़ानें शुरू करने का आग्रह किया
इस अवसर पर पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बताया कि उन्होंने नागर विमानन मंत्री के. राममोहन नायडू से कोलकाता को ब्रिटेन और अन्य यूरोपीय देशों से जोड़ने वाली सीधी उड़ानें शुरू करने तथा दुर्गापुर के अंडाल हवाई अड्डे से विमान सेवाएं बढ़ाने का आग्रह किया है। शुभेंदु अधिकारी ने नायडू की मौजूदगी में यह बात कही। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार हवाई अड्डे के बुनियादी ढांचे के विस्तार के लिए जमीन उपलब्ध कराने को तैयार है। उन्होंने कहा कि सरकार ने कोलकाता के पास नया हवाई अड्डा विकसित करने के लिए कल्याणी में 2,000 एकड़ जमीन चिह्नित की है।
पश्चिम बंगाल में दो साल में चार और हवाई अड्डे बनाए जाएंगे : नायडू















Leave a Reply