भाजपा में शामिल हुईं कोयल मल्लिक, राज्यसभा के लिए नामांकन भरा

कोलकाता : पश्चिम बंगाल की सियासत में बीजेपी ने बड़ा कदम उठाया है। मशहूर बंगाली फिल्म अभिनेत्री कोयल मल्लिक उर्फ रुक्मिणी मल्लिक सोमवार को भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गईं। बीजेपी प्रदेश मुख्यालय में उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई गई । इसके बाद कोएल मल्लिक पश्चिम बंगाल विधानसभा पहुंचीं, जहां उन्होंने राज्यसभा उपचुनाव के लिए अपना नामांकन दाखिल किया ।
कोयल मल्लिक कोलकाता स्थित 6, मुरलीधर सेन लेन, प्रदेश भाजपा मुख्यालय में पहुँच कर औपचारिक रूप से भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। प्रदेश भाजपा नेतृत्व की उपस्थिति में उन्हें अंगवस्त्र पहनाकर भाजपा परिवार में उनका स्वागत किया गया। इस अवसर पर प्रदेश भाजपा नेतृत्व ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा, विकास और जनकल्याण के कार्यों तथा पश्चिम बंगाल में पिछले कुछ महीनों में मुख्यमंत्री श्री शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व में शुरू हुए विकास कार्यों से प्रेरित होकर कोयल मल्लिक भाजपा से जुड़ी हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले दिनों में कोयल मल्लिक देश और पश्चिम बंगाल के विकास तथा जनसेवा के कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।

कोयल मल्लिक ने कहा कि राज्यसभा की सदस्य बनने का अवसर उनके लिए अत्यंत सम्मान और साथ ही बहुत बड़ी जिम्मेदारी का विषय है। देश के लोगों के कल्याण और सेवा के कार्य को व्यापक स्तर पर करने का अवसर मिलने से वह बेहद प्रसन्न हैं। उन्होंने इस जिम्मेदारी के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री शुभेंदु अधिकारी के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ महीनों में बंगाल में जिस तरह विकास के कार्य शुरू हुए हैं, उसे देखकर वह बेहद खुश हैं। पश्चिम बंगाल के लोग राज्य का विकास चाहते हैं और अधिक से अधिक रोजगार एवं काम के अवसर चाहते हैं। उनके अनुसार, रोजगार की कमी से समाज में निराशा और नकारात्मकता बढ़ती है। इसलिए लोगों के लिए रोजगार के अवसर पैदा करना और सभी के लिए बेहतर शिक्षा सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है। कोयल मल्लिक ने कहा कि समाज के सुविधासंपन्न वर्ग के साथ-साथ पिछड़े और वंचित लोगों के बारे में भी अधिक सोचने की जरूरत है। बचपन से ही उन्हें अपने परिवार के माध्यम से जनसेवा से जुड़ने का अवसर मिला। मिशनरीज ऑफ चैरिटी में बचपन की कई गर्मियों की छुट्टियां बिताने के अनुभव ने उन्हें समाज की वास्तविक परिस्थितियों को करीब से समझने और लोगों के लिए काम करने की प्रेरणा दी।

अपने खिलाफ होने वाली राजनीतिक आलोचनाओं के संबंध में कोयल मल्लिक ने कहा कि वह किसी के बारे में बुरा नहीं बोलना चाहतीं। जो लोग उन्हें या अन्य लोगों को निशाना बनाते हैं, उनके प्रति भी उनके मन में कोई गुस्सा नहीं है। उन्होंने कहा कि नकारात्मक व्यवहार के पीछे भी कोई न कोई कारण होता है और वह सभी के मानसिक स्वास्थ्य एवं कल्याण की कामना करती हैं। तृणमूल कांग्रेस में अपने पूर्व राजनीतिक जुड़ाव को क्या वह गलत निर्णय मानती हैं, इस सवाल के जवाब में कोयल मल्लिक ने कहा कि प्रत्येक राजनीतिक दल अपने तरीके से लोगों के लिए काम करने का प्रयास करता है। वह किसी राजनीतिक दल या व्यक्ति को छोटा नहीं करना चाहतीं। हालांकि, वर्तमान में भाजपा से जुड़कर वह खुद को बेहद गौरवान्वित और सौभाग्यशाली महसूस कर रही हैं तथा लोगों के विकास के कार्यों में व्यापक स्तर पर योगदान देना चाहती हैं।

कोयल मल्लिक ने कहा कि उनके लिए मानव सेवा और मानवता सर्वोपरि है। राजनीति में आने का उनका मूल उद्देश्य भी लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना है। यदि अपनी क्षमता के अनुसार वह किसी व्यक्ति के जीवन में थोड़ा सा भी सकारात्मक परिवर्तन ला सकें, तो वह अपने जीवन को सार्थक मानेंगी। भाजपा में शामिल होने के बाद कोयल मल्लिक ने कहा कि लोगों का कल्याण, बंगाल का विकास और देश की सेवा करना ही उनका प्रमुख लक्ष्य रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *