बंगाल विधानसभा के स्पीकर रथींद्र बोस अस्पताल में भर्ती

कोलकाता : पश्चिम बंगाल विधानसभा के अध्यक्ष रथींद्र बोस को शुक्रवार रात सीने में तेज दर्द की शिकायत के बाद ईएम बाईपास स्थित एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल प्रबंधन से मिली जानकारी के अनुसार, तत्काल चिकित्सा शुरू होने के बाद अब उनकी स्थिति स्थिर है और वे लगातार वरिष्ठ चिकित्सकों की निगरानी में हैं।
पारिवारिक सूत्रों ने बताया कि, शुक्रवार को स्पीकर रथींद्र बोस ने विधानसभा परिसर में आयोजित महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री की जयंती समारोह में सक्रिय रूप से हिस्सा लिया था। इसके अलावा उन्होंने दिन भर कई अन्य आधिकारिक कार्यक्रमों में भी शिरकत की। रात को कार्यक्रम से घर लौटने के बाद अचानक उन्हें सीने में तेज दर्द महसूस हुआ। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए परिवार के सदस्य उन्हें तुरंत अस्पताल ले गए।
अस्पताल पहुंचने पर आपातकालीन विभाग के चिकित्सकों ने बिना समय गंवाए उनका इलाज शुरू किया और कई आवश्यक स्वास्थ्य जांच भी कीं। डॉक्टरों के अनुसार उनकी स्थिति में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है, हालांकि एहतियात के तौर पर उन्हें अभी अस्पताल में ही आब्जर्वेशन (निगरानी) में रखा गया है।

दिन में विदेश यात्रा पर संवाददाताओं से बातचीत की
उल्लेखनीय है कि रथीन्द्र बोस सितंबर महीने में अमेरिका यूरोप और अफ्रीका के कुछ देशों के दौरे पर गए हुए थे और शुक्रवार को विधानसभा भवन स्थित अपने चेंबर में उन्होंने संवाददाताओं से अपने अनुभव साझा किया। उन्होंने बताया कि इस दौर में बंगाली समुदाय के लोगों को बंगाल में नई सरकार के साथ सहयोग के लिए आमंत्रित करने के साथ ही साथ नई सरकार की ओर से दी जाने वाली सुख सुविधाओं की भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि इस दौर में मुझे हर देश में साफ सफाई और पर्यावरण पर दिए जा रहे विशेष जोर को देखकर बहुत ही आनंद आया।
अटलांटा में मनाया पश्चिम बंगाल दिवस
कॉमनवेल्थ सम्मेलन के बाद स्पीकर रवींद्र बोस अमेरिका पहुंचे। 20 सितंबर को अटलांटा पहुंचने के बाद 21 सितंबर को भारतीय कॉन्सुलेट की ओर से उनका स्वागत किया गया। 22 सितंबर को अटलांटा में पश्चिम बंगाल दिवस मनाया गया। इस दौरान उन्होंने बंगाली प्रवासियों के साथ राज्य के विकास, निवेश, शिक्षा, रोजगार और उद्योग से जुड़े मुद्दों पर चर्चा

की। हालिया कार्यक्रम में भी उन्होंने प्रवासी बगालियों से राज्य के विकास में विशेषज्ञता, तकनीक और निवेश के माध्यम से योगदान देने की अपील की थी। स्पीकर ने कहा कि राज्य के विकास को लेकर सभी की इच्छा है, उन्होंने बताया कि गुजरात और बंगाल से जुड़े उद्योगपतियों के साथ भी बातचीत हुई है। ब्रिटेन की संसद के सांसदों की एक टीम के पश्चिम बंगाल आने की भी जानकारी उन्होंने दी।


विधानसभा परिसर में वृक्षारोपण किया

विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि विकसित देशों में खासकर वृक्षारोपण और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हमारे भी जीवन में जन्मदिन और विभिन्न खुशी के मौके आते हैं, हमें ऐसे अवसर पर नए वृक्ष लगाने पर विशेष ध्यान देना चाहिए। हमें यह विचार करने की आवश्यकता है कि हम अपनी अगली पीढ़ी को कैसा वातावरण देकर जाएंगे।

ब्रिटिश संसद की तर्ज पर विधानसभा में रंगीन विजिटर पास
बोस ने कहा कि ब्रिटिश संसद में आगंतुकों के लिए अलग रंग के विजिटर कार्ड की व्यवस्था है। इसी तर्ज पर पश्चिम बंगाल विधानसभा में गेरुआ रंग का विजिटर पास शुरू करने की योजना है उनका कहना है कि इससे विधानसभा में आने वाले आग की पहचान और व्यवस्था को बेहतर किया जा सकेगा उन्होंने यह भी बताया कि दिसम्बर में पश्चिम बंगाल में पहली बार प्रवासी भारतीय दिवस आयोजित करने की योजना है। इसके अलावा प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र से विशेष सामग्री लेकर उसे नयी संसद में संरक्षित रखने के लिए प्रधानमंत्री को पत्र लिखने की बात भी उन्होंने कही।


10 विधायकों की सदस्यता पर आठ अक्तूबर तक फैसला
बागी तृणमूल गुट के 10 विधायकों की सदस्यता समाप्त करने से जुड़े मामलों पर बोस ने कहा कि निर्धारित समय सीमा के भीतर विधानसभा की ओर से प्रक्रिया पूरी की जायेगी, सुप्रीम कोर्ट ने भी 10 विधायकों से संबंधित अयोग्यता याचिकाओं पर तीन महीने की समय सीमा का उल्लेख किया है। स्पीकर ने कहा कि अदालत स्पीकर को फैसला करने का निर्देश नहीं देती, बल्कि संवैधानिक प्रक्रिया के तहत समय सीमा में निर्णय लेने की बात कहीं गयी है। उन्होंने कहा कि संबंधित मामलों में विधानसभा अपनी प्रक्रिया के अनुसार आगे बढ़ेगी और निर्धारित समय सीमा आठ अक्तूबर को समाप्त हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *