कोलकाता। पश्चिम बंगाल में नई सरकार की ओर से दी जा रही सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए रिलायंस इंडस्ट्रीज भी बंगाल में निवेश के नए अवसर तलाश रही है। बुधवार शाम में रिलायंस समूह की विभिन्न कंपनियों के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों समेत वरिष्ठ अधिकारियों के प्रतिनिधिमंडल ने राज्य सचिवालय नवान्न में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी से मुलाकात की।
बैठक में राज्य में औद्योगिक विकास, निवेश की संभावनाओं और रोजगार के नए अवसरों को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। राज्य के मुख्य सचिव मनोज कुमार अग्रवाल समेत कई वरिष्ठ अधिकारी भी बैठक में मौजूद रहे। बैठक में रिलायंस की ओर से निवेश के लिए छह संभावित क्षेत्रों पर चर्चा की गई। इनमें डेटा सेंटर एवं एआइ क्लाउड सेवाएं, अंतरराष्ट्रीय केबल लैंडिंग स्टेशन, कोयला गैसीकरण, फूड पार्क, सड़क अवसंरचना और मल्टी स्पेशियलिटी अस्पताल शामिल हैं।
एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, राजरहाट के सिलिकन वैली हब में रिलायंस के डेटा सेंटर का काम पहले ही शुरू हो चुका है।
दीघा में अंतरराष्ट्रीय केबल लैंडिंग स्टेशन, उत्तर बंगाल में फूड पार्क तथा देउचा-पचामी कोयला परियोजना में कंपनी की संभावित भागीदारी पर भी विचार-विमर्श हुआ। मुख्यमंत्री कार्यालय ने इंटरनेट मीडिया पोस्ट में बताया कि बैठक में बंगाल में निवेश के अवसरों, औद्योगिक विकास और रोजगार सृजन से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई। यह बैठक 21 सितंबर को मुंबई में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी और रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी के बीच हुई मुलाकात के कुछ दिनों बाद हुई है।















Leave a Reply