सीएम सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि मास्टर प्लान में केंद्र 50 फीसदी फंड देगा और बाकी राज्य सरकार देगी
घाटाल (पश्चिम बंगाल) : पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने बार-बार आने वाली बाढ़ से निपटने के लिए बुधवार को घाटाल मास्टर प्लान के लिए 1,200 करोड़ रुपये आवंटित करने की घोषणा की। उन्होंने पश्चिमी मिदनापुर जिले के घाटाल में एक सभा को संबोधित करते हुए यह घोषणा की। पश्चिमी मिदनापुर का घाटाल हर साल बाढ़ से डूब जाता है।
सुवेंदु ने कहा, “हम मौजूदा वित्त वर्ष में घाटाल मास्टर प्लान के लिए 1,200 करोड़ रुपये दे रहे हैं। इस परियोजना के खर्च का 50 प्रतिशत केंद्र सरकार देगी और बाकी राज्य सरकार देगी। मास्टर प्लान के लिए जमीन लेने के लिए हमें आपदा प्रबंधन विभाग से कुछ फंड मिलेंगे। हमने स्थानीय विधायकों से कहा है कि इस मास्टर प्लान पर काम जल्दी पूरा किया जाना चाहिए।” उन्होंने कहा कि घाटाल मास्टर प्लान के लिए 1,200 करोड़ रुपये इसी वित्त वर्ष में दिए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि दुर्गा पूजा के तुरंत बाद मास्टर प्लान पर काम युद्ध स्तर पर शुरू हो जाएगा। उन्होंने अगले साल जून तक, यानी मानसून शुरू होने से पहले, काम पूरा करने की डेडलाइन तय की। उन्होंने सरकारी अधिकारियों और स्थानीय विधायकों को घाटाल मास्टर प्लान पर काम तेज गति से कराने का निर्देश दिया। वह पंडित ईश्वर चंद्र विद्यासागर की जन्मस्थली बिरसिंहा गांव में उनकी 207वीं जयंती के मौके पर एक कार्यक्रम में बोल रहे थे।
घाटाल मास्टर प्लान के लिए फंड की घोषणा के साथ ही मुख्यमंत्री ने पिछली तृणमूल सरकार की कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा कि देश के शिक्षा प्रणाली में पश्चिम बंगाल 31वें नंबर पर आ गया है और इस गिरावट के लिए तृणमूल सरकार की गलत नीतियों को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि बाल विवाह के मामले में भी बंगाल की स्थिति चिंताजनक है। राज्य में लगभग 60,000 मामले ऐसे हैं जहां लड़कियां किशोरावस्था में मां बन गईं, मुर्शिदाबाद में 13,000 और दक्षिण 24 परगना में 9,000 मामले ऐसे हैं।














Leave a Reply