कोलकाता : भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने सोमवार को आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस के 15 वर्ष के शासन के दौरान उद्योगों की पूंजी राज्य से बाहर गई और करीब 6,700 कंपनियां बंद हो गईं। इससे बड़ी संख्या में युवाओं को बंगाल से बाहर रोजगार की तलाश में जाना पड़ा। उन्होंने कहा कि राज्य में निवेश के लिए अच्छा माहौल बनाना भाजपा सरकार की प्राथमिकता होगी।
कोलकाता में ‘युवा संवाद कॉन्क्लेव’ को संबोधित करते हुए नवीन ने कहा कि पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार राज्य के युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा करने पर ध्यान देगी। भाजपा प्रमुख ने कहा कि चार मई को पश्चिम बंगाल में एक नई सुबह आई। भाजपा ने विधानसभा चुनावों में तृणमूल को हराया। उन्होंने कहा कि युवाओं की उम्मीदें पूरी की जाएंगी। नवीन ने युवाओं से जीवन में शॉर्टकट से दूर रहने का आग्रह किया और लगन और निरंतरता के महत्व पर जोर दिया।
शुभेंदु के नेतृत्ववाली सरकार की तारीफ की
कोलकाता के निकट ही उत्तर चौबीस परगना जिले के पानीहाटी में नितिन नवीन ने मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी सरकार की तारीफ करते हुए कहा कि वे राज्य में कल्याणकारी योजनाओं को तेजी और भरोसे के साथ लागू कर रहे हैं। ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा नेता ने कहा कि 2047 तक ‘विकसित बंगाल’ का लक्ष्य हासिल करने के लिए शुभेंदु अधिकारी सरकार द्वारा शुरू की गई विकास की रफ्तार को बनाए रखना होगा। नबीन ने आशा कार्यकर्ताओं की भी तारीफ की और कहा कि भारत का भविष्य उनके हाथों में सुरक्षित है, क्योंकि वे नवजात शिशुओं और छोटे बच्चों की देखभाल करती हैं। उन्होंने कहा कि हमने अपने हालिया बजट में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायकों और आशा कार्यकर्ताओं की मासिक वेतन में 5,000 रुपये की बढ़ोतरी की है। हम अपने अगले बजट में आवंटन को और बढ़ाने की योजना बना रहे हैं। आपको हमारे प्रधानमंत्री और इस सरकार पर भरोसा रखना होगा।
बंगाल में निवेश के लिए अच्छा महौल देना सरकार की प्राथमिकता : नवीन













Leave a Reply