जरूरतमंद परिवारों को निरंतर खाने-पीने की सामग्री वितरित कर रहे हैं राजीव गोलछा
कोलकाता (राष्ट्ररंग )। पश्चिम बंगाल में यास तूफान से बड़ी संख्या में लोग प्रभावित हुए हैं। तूफान के चलते अपना घर छोड़कर पलायन करने वाले लोगों के सामने खाने-पीने की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गयी। ऐसे कठिन समय में महानगर का प्रसिद्ध फिल्म प्रोडक्शन हाउस राजीव प्रोडक्शंस जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे आया। राजीव प्रोडक्शंस के कर्णधार राजीव गोलछा उत्तर 24 परगना, दक्षिण 24 परगना और पूर्वी मेदिनीपुर आदि क्षेत्रों में बेघर हुए लोगों को निरंतर सूखा खाना, पानी, मास्क और सैनिटाइजर मुहैया करा रहे हैं। इसी क्रम में गत 30 जून को राजीव प्रोडक्शंस (राजीव गोलछा) द्वारा लिंडसे स्ट्रीट में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर एवं जरूरतमंदों को राशन वितरण कैंप का आयोजन किया गया। जिसमें वेस्ट बंगाल बार एंड रेस्टोरेंट बैंड लीडर्स एसोसिएशन का भी महत्वपूर्ण सहयोग रहा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि बंगाल ओलंपिक एसोसिएशन के सचिव बबुन बनर्जी ( मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भाई ), वार्ड-63 की काउंसलर श्रीमती सुष्मिता भट्टाचार्या, साउथ डिवीजन के डीसीपी बुधदेब मुखर्जी एवं लिंडसे स्ट्रीट टीएमसी यूथ प्रेसिडेंट विशाल खटिक ने भी शिरकत की। इस दौरान करीब 40 लोगों ने रक्तदान किया जिन्हें उपहार स्वरुप हॉट लंच बॉक्स, टी-शर्ट, मास्क, हेल्दी फूड्स एवं सर्टिफिकेट प्रदान किया गया। वहीं करीब 150 जरूरतमंद परिवारों को राशन सामग्री एवं अन्य जरुरत की चीजें जैसे चावल, दाल, आलू, प्याज, तेल, नमक, बिस्कुट, ब्रेड, मूरी, सत्तू, साबुन, मास्क, केक, चनाचूर, हॉर्लिक्स, साड़ी एवं टी-शर्ट आदि प्रदान किया गया। उल्लेखनीय है कि राजीव गोलछा तूफान आने के बाद से ही अपनी पूरी टीम के साथ नि:स्वार्थ भाव से प्रभावित लोगों को राहत पहुंचाने में जुटे हुए है। उनके द्वारा अब तक तूफान से प्रभावित 1500 से अधिक परिवारों को मदद पहुंचायी गयी है और यह सिलसिला निरंतर जारी है। कोरोना संक्रमण के खतरों के बावजूद वे हर उस क्षेत्र में पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं जहां पर लोगों को मदद की जरूरत है और उन्हें जरूरत की सामग्री जैसे चावल, दाल, तेल, आलू, बिस्कुट, साबुन, पानी, मूढी, मखाना, ब्रेड, सत्तू, मास्क, सैनिटाइजर आदि वितरित कर रहे हैं। सेवाभावना से ओतप्रोत राजीव प्रोडक्शंस के कर्णधार राजीव गोलछा का कहना है कि गरीब और असहाय लोगों के लिए हमारी संस्था हमेशा काम कर रही है और आगे भी करती रहेगी। मेरी सभी लोगों से अपील है कि अपने सामाजिक उत्तरदायित्वों का निर्वहन अवश्य करें।












Leave a Reply