मुख्य बातें :
- पति और बेटे को खोने वाली निभा देवी से मिले उमेश राय
- पश्चिम बंगाल सरकार की ओर से 50 लाख रु. का चेक सौंपा
- मृतकों के परिवार से मुख्यमन्त्री ने फोन पर बात की
मुजफ्फरपुर / कोलकाता : चोरबागान दुर्गापूजा पंडाल में भगदड़ की घटना में जान गँवाने वाले बिहार के दो लोगों के परिजनों से पश्चिम बंगाल के संसदीय कार्य और शहरी विकास मंत्री मंत्री उमेश राय शुक्रवार ने मुलाकात की। हादसे में पिता-पुत्र की मौत के बाद शोक में डूबे परिवार से मिलने मुजफ्फरपुर जिले के भगवापुर बीबीगंज स्थित पीड़ित परिवार के घर पहुंचकर मंत्री स्वजनों से मिले और पश्चिम बंगाल सरकार की ओर से आर्थिक सहायता के रूप में 25-25 लाख के दो चेक सौंपे।
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेन्दु अधिकारी ने भी फोन पर मृतक अभिषेक श्रीवास्तव की पत्नी निभा देवी से बात कर संवेदना व्यक्त की। मंत्री उमेश राय ने कहा कि हादसा बेहद दुखद है। इसमें 19 लोगों की मौत हुई है। सरकार मृतक के स्वजन के साथ खड़ी है। सरकार के तरफ से सभी मृतक के स्वजन को 25-25 लाख रुपये दिये गये हैं।
प्रधानमंत्री कोश से भी दो -दो लाख रुपये दिये जाएंगे
मृतकों के आश्रित को सरकारी नौकरी दिए जाने के संबंध में मंत्री ने बताया कि इसमें थोड़ी परेशानी है। बंगाल में डोमिसाइल नीति लागू है, ऐसे मे नौकरी देने में दिक्कत है। फिर भी इसके लिए भी प्रयास किया जा रहा है। मृतक अभिषेक श्रीवास्तव के बड़े भाई ने बंगाल सरकार के इस मानवीय पहल की सराहना की। कहा कि हम सब चाहते है कि बंगाल सरकार परिवार के एक सदस्य को नौकरी दे। आपदा विभाग के एडीएम ने बताया कि घटना के बाद बंगाल से सूचना मिली थी कि मुजफ्फरपुर के दो लोग अभिषेक और उनके बेटे आयांश की मौत हुई है। सहायता राशि के लिए डिटेल मांगी गई थी। जिसके बाद बंगाल सरकार की ओर से 25-25 लाख का दो चेक स्वजन को सौंपे गए।
उल्लेखनीय है कि मृतक अभिषेक श्रीवास्तव मूल रूप से साहेबगंज के राजेपुर ओपी के पिपराराघो के रहने वाले थे। वर्तमान में उनका पूरा परिवार भगवानपुर बीबीगंज में रह रहे थे। अभिषेक अपनी पत्नी निभा और नौ वर्षीय बेटा आयांश के साथ कोलकाता में दुर्गापूजा देखने गए थे। चोरबागान पंडाल हादसे में पिता-पुत्र की मौत हो गई थी। भगदड़ में कुल 19 लोगों की मौत हो गई थी।















Leave a Reply