कोलकाता : पश्चिम बंगाल में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने पुलिस से उलझने वालों को उचित सबक देने की चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून का राज है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आसनसोल में जिन लोगों ने पुलिस चौकियों पर हमले किए, उन्होंने उसकी कीमत चुकाई। इतना ही नहीं, सीएम शुभेंदु ने यह भी कहा कि भविष्य में अगर किसी ने पुलिस पर हाथ उठाने की हिमाकत की तो हम यह सुनिश्चित करेंगे कि उसे कानूनी तरीके से सबक सिखाया जाए। उन्होंने आगे कहा कि ऐसे लोगों को जेल भेजने का इंतजाम किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश सरकार के वकील पुलिस के साथ समन्वय में लगे हैं। वह, ये सुनिश्चित करेंगे कि इन व्यक्तियों को हिरासत में रहते हुए मुकदमे में लाया जाए और तुरंत सजा दी जाए।
टीएमसी सरकार को ठहराया जिम्मेदार
मुख्यमंत्री ने शनिवार को राज्य पुलिस बल में बुनियादी ढांचे, रसद और पेशेवर दक्षता की कमी के लिए पिछली तृणमूल कांग्रेस सरकार को जिम्मेदार ठहराया। कोलकाता पुलिस मुख्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम में 309 नवनियुक्त पुलिसकर्मियों को नियुक्ति पत्र सौंपते हुए अधिकारी ने कहा कि तृणमूल शासन के दौरान पुलिसकर्मियों के पास कोई वित्तीय सुरक्षा नहीं थी। उन्होंने तृणमूल के 15 वर्षों के कथित कुशासन का जिक्र करते हुए कहा कि बंगाल पुलिस बुनियादी ढांचे, रसद, पेशेवर दक्षता और प्रशिक्षण के मामले में पिछड़ी हुई है।
शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि यदि पिछली सरकारों ने पुलिस बल को लगातार आधुनिक और बेहतर बनाने के लिए कदम उठाए होते, तो मौजूदा सरकार को आज इन समस्याओं का सामना नहीं करना पड़ता। इस दौरान मुख्यमंत्री ने बताया कि उनकी सरकार ने राज्य के पुलिसकर्मियों को प्रशिक्षण देने के लिए कई कार्यक्रम शुरू किए हैं और विभिन्न संगठनों के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि राज्य पुलिस बल में करीब चार हजार पुरुष कांस्टेबलों और छह हजार से अधिक महिला पुलिसकर्मियों की भर्ती की जाएगी।
शुभेंदु अधिकारी ने शनिवार को प्रेसीडेंसी विश्वविद्यालय और यादवपुर विश्वविद्यालय में कथित राष्ट्र-विरोधी गतिविधियों के खिलाफ अभियान चलाने के लिए अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) कार्यकर्ताओं की तारीफ की और उनसे अपने प्रयासों को जारी रखने का आग्रह किया। माणिकतला में काली पूजा कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विश्वविद्यालय के कुछ समूहों पर कश्मीर मांगे आजादी जैसे नारे लगाने का आरोप लगाया और कहा कि ऐसे समाज और राष्ट्र विरोधी लोगों को चिन्हित कर कार्रवाई की जाएगी।

















Leave a Reply