कोलकाता : बंगाल के स्कूल शिक्षा विभाग ने अपने अधीन सभी सरकारी कार्यालयों में नेताजी सुभाषचंद्र बोस की तस्वीर प्रमुखता से लगाने का निर्देश दिया है। विभाग की ओर से जारी अधिसूचना में स्पष्ट किया गया है कि कार्यालयों में राज्य सरकार से स्वीकृत नेताजी का खास चित्र ही लगाया जाएगा। इसका उद्देश्य सरकारी कार्यालयों में राष्ट्रीय नायकों के सम्मान के साथ नेताजी के आदर्शों को भी प्रमुखता देना है।
स्कूल शिक्षा के संयुक्त निदेशक देवज्योति बराल की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, सक्षम प्राधिकारी ने विभाग के प्रशासनिक नियंत्रण वाले सभी सरकारी कार्यालयों में नेताजी का चित्र लगाने की मंजूरी दी है। प्राथमिक और माध्यमिक शिक्षा से जुड़े जिला विद्यालय निरीक्षकों (डीआइ) को इस निर्देश के क्रियान्वयन के लिए जरूरी कदम उठाने को कहा गया है। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, बाजार में उपलब्ध नेताजी की कोई भी तस्वीर लगाने की अनुमति नहीं होगी। सूचना एवं संस्कृति विभाग से स्वीकृत चित्र ही कार्यालयों में लगाए जाएंगे।
इन तस्वीरों की व्यवस्था अलीपुर स्थित उत्तीर्ण भवन से की गई है। सहायक जिला विद्यालय निरीक्षक राणा देवदास को चित्रों के वितरण के लिए नोडल अधिकारी बनाया गया है। जिला शिक्षा अधिकारियों को अपने अधीन सभी कार्यालयों में तत्काल तस्वीरें पहुंचाने और उन्हें सम्मानजनक व स्पष्ट रूप से दिखाई देने वाले स्थान पर लगाने की जिम्मेदारी दी गई है। सूचना एवं संस्कृति विभाग और स्कूल शिक्षा विभाग के अधिकारियों के बीच हुई उच्चस्तरीय बैठक के बाद यह निर्णय लिया गया।













Leave a Reply