चावल मिल के नाम पर बैंक को 19.30 करोड़ का चूना लगाया

क्या है मामला :

  1. नटराज राइस मिल्स ने ऋण राशि का दुरुपयोग किया
  2. कोलकाता और रांची में है जालसाजों का ठिकाना
  3. सीबीआई ने नौ आरोपितों पर दर्ज किया मामला

कोलकाता : सीबीआई की आर्थिक अपराध शाखा (ईओबी कोलकाता) में तीन नवंबर को मेसर्स नटराज राइस मिल्स प्राइवेट लिमिटेड के रांची निवासी दो पूर्व निदेशकों सहित नौ नामजद आरोपित, अन्य अज्ञात लोक सेवक व अन्य के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपितों पर बैंक आफ इंडिया को 19 करोड़ 30 लाख रुपये का चूना लगाने का आरोप है। यह प्राथमिकी बैंक आफ इंडिया के रांची अंचल कार्यालय के रिकवरी विभाग के उप अंचल प्रबंधक असीम कुमार की लिखित शिकायत पर दर्ज की गई है।

दर्ज प्राथमिकी के अनुसार मेसर्स नटराज राइस मिल्स प्राइवेट लिमिटेड 18 जुलाई 2008 को पश्चिम बंगाल कोलकाता में पंजीकृत हुई थी। यह कंपनी कथित तौर पर चावल मिलिंग का काम करती थी। इसमें कच्चा धान खरीदना, उसे प्रासेस करके अलग-अलग ग्रेड का चावल तैयार करना और फिर उसकी पैकेजिंग कर थोक विक्रेताओं तथा अन्य बड़े खरीदारों को आपूर्ति व वितरण करना शामिल था।

शिकायत में यह भी आरोप है कि इस कंपनी ने वर्ष 2013 से 2025 के दौरान बैंक आफ इंडिया से 20 करोड़ 43 लाख रुपये की क्रेडिट सुविधा (इसमें 17 करोड़ रुपये कैश क्रेडिट व 3.43 करोड़ रुपये का वर्किंग कैपिटल टर्म लोन शामिल है) ली थी। दर्ज शिकायत के अनुसार आरोपित कंपनी ने ऋण की राशि का इस्तेमाल उस उद्देश्य के लिए नहीं किया, जिसके लिए मंजूर व जारी किया गया था, बल्कि ऋण की राशि को दूसरी जगह डायवर्ट कर निकाल लिया गया था। बैंक को ऋण की राशि वापस नहीं की।

इस प्रकार 24 जून 2025 को यह ऋण खाता नन परफर्मिंग एसेट (एनपीए) हो गया, जिसपर 19 करोड़ 30 लाख रुपये की बकाया राशि थी। प्रथम दृष्ट्या यह पता चला है कि कंपनी व उसके निदेशकों, पूर्व निदेशकों ने अज्ञात लोक सेवकों व अन्य अज्ञात व्यक्तियों के साथ मिलकर जानबूझकर कपटपूर्ण आचरण किया और बैंक को धोखा देकर 19.30 करोड़ रुपये का बकाया नहीं चुकाया।

इनके विरुद्ध दर्ज की गई है प्राथमिकी

मेसर्स नटराज राइस मिल्स प्राइवेट लिमिटेड (डायमंड अरकेड, कोलकाता), विवेक कुमार बंका (पूर्व निदेशक, मेसर्स नटराज राइस मिल्स, वर्धमान, पश्चिम बंगाल), नीलू बंका (पूर्व निदेशक, मेसर्स नटराज राइस मिल्स, वर्धमान, पश्चिम बंगाल), नीरज कुमार बंका (पूर्व निदेशक, वर्धमान, पश्चिम बंगाल), संदीप कुमार (पूर्व निदेशक, मेसर्स नटराज राइस मिल्स, डी-501, हरिओम टावर, सरकुलर रोड, लालपुर, रांची), रीतेश कुमार बिंजरजका (पूर्व निदेशक, मेसर्स नटराज राइस मिल्स, फ्लैट नंबर सी-302, ब्लाक सी, इस्टेट इस्क्वायर, ओल्ड एचबी रोड, सुरेंद्र नाथ स्कूल के पीछे, दीपाटोली, रांची), मेसर्स डिलाइट इंवेस्टमेंट कंस्ल्टेंट्स प्राइवेट लिमिटेड, मेसर्स लक्षमी डीलमार्क प्राइवेट लिमिटेड, मेसर्स तिरुपति स्टाक कंस्ल्टेंट्स प्राइवेट लिमिटेड, अन्य लोक सेवक व अन्य।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *