मालदा के कालियाचक में 2.688 किलो मॉर्फिन के साथ चार तस्कर गिरफ्तार

कोलकाता : पश्चिम बंगाल में नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) को बड़ी कामयाबी मिली है। एसटीएफ की टीम ने मालदा जिले के कालियाचक में मधुघाट के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-12 पर एक वाहन को रोककर करीब 2.688 किलोग्राम मॉर्फिन बरामद की है। इस कार्रवाई में अंतरराज्यीय ड्रग नेटवर्क से जुड़े चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

मुख्यमंत्री ने क्या कहा?
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर इस कार्रवाई की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पश्चिम बंगाल पुलिस की एसटीएफ की सतर्क टीम ने वाहन को रोककर मादक पदार्थ बरामद किया। इस मामले में एक विशेष केस दर्ज किया गया है, ताकि पूरे गिरोह की जड़ तक पहुंचकर उसके नेटवर्क को ध्वस्त किया जा सके।

तस्करी के नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के लिए क्या है तैयारी?
मुख्यमंत्री ने पश्चिम बंगाल पुलिस और एसटीएफ के अधिकारियों व जवानों की त्वरित और समन्वित कार्रवाई की सराहना की। उन्होंने कहा कि नशे के कारोबार में शामिल तस्करों, गिरोहों और सिंडिकेट संचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। सीएम शुभेंदु ने कहा कि उनकी सरकार नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। इसका उद्देश्य युवाओं के भविष्य को सुरक्षित रखना और ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के तहत सामूहिक प्रयासों को मजबूत करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *