हावड़ा। पश्चिम बंगाल में आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। इसी क्रम में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने हावड़ा सदर की सभी सात विधानसभा क्षेत्रों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए जनता के बीच अपनी मजबूत दावेदारी पेश की है।
रविवार को आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में भाजपा हावड़ा जिला (सदर) के अध्यक्ष गौरांग भट्टाचार्य ने कहा कि पार्टी ने “चार्जशीट” के माध्यम से क्षेत्र की ज्वलंत समस्याओं को सामने रखा है। उन्होंने भरोसा जताया कि भाजपा को हावड़ा सदर की सभी सात सीटों पर विजय मिलेगी। साथ ही कहा कि सरकार बनते ही 7 मई से समस्याओं के समाधान की दिशा में तेजी से काम शुरू कर दिया जाएगा।
गौरांग भट्टाचार्य ने तृणमूल कांग्रेस और वामपंथी दलों पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उनके शासनकाल में बंगाल की सांस्कृतिक पहचान को नुकसान पहुंचा है। उन्होंने कहा कि भाजपा बंगाल की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को पुनर्स्थापित करने के लिए प्रतिबद्ध है और “सोनार बांग्ला” के निर्माण का संकल्प लेकर आगे बढ़ रही है।
इस अवसर पर भाजपा जिला (सदर) के सचिव अच्युतानंद दीपक ने भी पार्टी की नीतियों को रेखांकित करते हुए कहा कि राज्य में भाजपा सरकार बनने पर बंगाल की संस्कृति को फिर से शीर्ष स्थान दिलाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की एक बड़ी जनसभा जल्द ही हावड़ा जिले में आयोजित की जाएगी।
भाजपा मुख्यालय में आयोजित इस बैठक में चुनावी रणनीतियों पर विस्तृत चर्चा हुई। कार्यक्रम में हावड़ा सदर की चुनाव को लेकर पार्टी की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया।
चुनाव जीतते ही हावड़ा की हर समस्या का समाधान: भाजपा












Leave a Reply