हावड़ा उत्तर में भाजपा का व्यापक जनसंपर्क, प्रत्याशी उमेश राय ने गिनाईं समस्याएं, टीएमसी पर साधा निशाना

हावड़ा। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर हावड़ा उत्तर क्षेत्र में सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। भाजपा प्रत्याशी उमेश राय इन दिनों क्षेत्र में व्यापक जनसंपर्क अभियान चला रहे हैं और घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क साध रहे हैं।
उमेश राय ने कहा कि लगातार जनसंपर्क के दौरान उन्हें लोगों की वास्तविक समस्याओं को करीब से समझने का मौका मिला है। उन्होंने बताया कि पेयजल की कमी, जल निकासी की समस्या, बेरोजगारी और गंदगी जैसे मुद्दे बड़ी संख्या में सामने आए हैं। उनका कहना है कि जनप्रतिनिधि का कर्तव्य है कि वह जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को समझे और समाधान की दिशा में काम करे। उन्होंने दावा किया कि डेढ़ महीने के चुनाव प्रचार के दौरान उन्होंने क्षेत्र की अधिकांश समस्याओं को सुना और देखा है। भाजपा प्रत्याशी ने “डबल इंजन सरकार” बनने का दावा करते हुए कहा कि उनकी सरकार बनने पर इन सभी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा।
उमेश राय ने क्षेत्र के विधायक एवं वर्तमान टीएमसी प्रत्याशी पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव प्रचार की शुरुआत में हुई एक दिन की बारिश ने विकास कार्यों की वास्तविक स्थिति उजागर कर दी। उनके अनुसार, बारिश के बाद उत्तर हावड़ा के कई हिस्सों में जलजमाव की स्थिति बन गई, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। उन्होंने यह भी कहा कि क्षेत्र में साफ-सफाई और नालों की स्थिति को लेकर किए गए दावों पर सवाल खड़े हुए हैं। विधायक द्वारा पूर्व में जारी की गई पर्ची, जिसमें क्षेत्र को पूरी तरह साफ, नालों को व्यवस्थित और गंदगी से मुक्त बताया गया था, उसका वितरण बाद में बंद कर दिया गया।
चुनावी माहौल को लेकर उन्होंने आरोप लगाया कि टीएमसी कार्यकर्ताओं द्वारा भाजपा के कार्यक्रमों में बाधा डालने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि हाल के एक रोड शो के दौरान टीएमसी समर्थकों द्वारा हूटिंग कर भाजपा कार्यकर्ताओं को उकसाने की घटनाएं सामने आईं। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ स्थानों पर रात के समय समूहों में घूमकर माहौल प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है।
उमेश राय ने प्रशासन से निष्पक्ष और निर्भय चुनाव सुनिश्चित करने की मांग करते हुए कहा कि ऐसी गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि लोकतांत्रिक प्रक्रिया प्रभावित न हो। अंत में उन्होंने मतदाताओं से अधिक से अधिक संख्या में मतदान करने की अपील करते हुए कहा कि यह चुनाव हावड़ा उत्तर के भविष्य की दिशा तय करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *