कोलकाता : राष्ट्रकवि दिनकर जयंती समारोह की तैयारी को लेकर बड़ा बाज़ार लाइब्रेरी कार्यकारिणी की एक महत्वपूर्ण बैठक शुक्रवार को सम्पन्न हुई। बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी 23 सितंबर को राजभवन / लोक भवन में राष्ट्रकवि रामधारी सिंह ‘दिनकर’ की जयंती के अवसर पर आयोजित होने वाले भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार करना था। इस कार्यक्रम में दिनकर जी के कालजयी महाकाव्य ‘रश्मिरथी’ पर आधारित विशेष प्रस्तुतियां दी जाएंगी।
बैठक में लाइब्रेरी के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के साथ-साथ दिनकर जी के पौत्र श्री नीरज कुमार जी विशेष रूप से उपस्थित रहे। नीरज जी ने दिनकर जी के जीवन से जुड़े कई रोचक एवं अनकहे संस्मरण श्रोताओं के साथ साझा किए। तैयारियों की समीक्षा करने और अंतिम रूप देने के लिए आगामी 19 सितंबर को शाम 5:00 बजे पुन: समीक्षा बैठक बुलाई गई है।
बैठक के पश्चात आयोजित दूसरे सत्र में बड़ा बाज़ार लाइब्रेरी के सक्रिय सदस्य तथा ‘राष्ट्रीय कवि संगम’ के प्रांतीय अध्यक्ष डॉ. गिरिधर राय का जन्मदिवस आत्मीय व हर्षोल्लासपूर्ण वातावरण में मनाया गया। समारोह की अध्यक्षता कोल इंडिया के मुख्य सतर्कता अधिकारी (CVO) श्री बृजेश त्रिपाठी जी ने की।

काव्य प्रस्तुति एवं ओजस्वी वाचन
समारोह के दौरान लाइब्रेरी के मंत्री अशोक गुप्ता, हिमाद्री मिश्रा, तारकेश राय, रामाकांत सिन्हा, अश्विनी झा, रंजना झा, अभिनेता अशोक सिंह तथा देवेश मिश्रा ने सुंदर काव्य पाठ कर डॉ. राय को जन्मदिवस की शुभकामनाएं दीं। अध्यक्षीय संबोधन के दौरान श्री बृजेश त्रिपाठी जी ने दिनकर जी की अमर रचना ‘कृष्ण की चेतावनी’ का ओजस्वी सस्वर पाठ कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। CVO श्री बृजेश त्रिपाठी जी ने अध्यक्षता के साथ-साथ कार्यक्रम का संचालन भी अत्यंत सुंदर ढंग से किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में पुस्तकालय के अध्यक्ष जयपाल गुप्ता, सुनील मोर तथा विष्णु वर्मा ने मुख्य भूमिका निभाई। इस अवसर पर भागीरथ सारस्वत, विनय कुमार शर्मा, प्रकाश पांडे, के. के. मिश्रा, गौतम नंदी, प्रदीप सिकारिया, नारायण प्रसाद अग्रवाल, राजकुमार जैन एवं पटेल जी सहित अनेक प्रबुद्ध नागरिक एवं साहित्य प्रेमी उपस्थित रहे। अंत में धन्यवाद ज्ञापन मंत्री अशोक कुमार गुप्ता ने किया।








Leave a Reply