EKNF और भारत सेवाश्रम संघ के सहयोग से 61/10, जेसोर रोड, लेक टाउन में अस्पताल की स्थापना
कोलकाता। ईस्ट कोलकाता नागरिक फाउंडेशन (EKNF) ने भारत सेवाश्रम संघ के सहयोग से उत्तर कोलकाता के लेक टाउन स्थित 61/10, जेसोर रोड में “EKNF भारत सेवाश्रम संघ अस्पताल” स्थापित करने की घोषणा की है। अस्पताल को आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से युक्त मल्टीस्पेशियलिटी स्वास्थ्य संस्थान के रूप में विकसित किया जाएगा। इसे अगले दो वर्षों के भीतर शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है।
अस्पताल का वास्तु पूजन एवं हवन 14 सितंबर 2026 को गणेश चतुर्थी के शुभ अवसर पर आयोजित किया गया। भारत सेवाश्रम संघ के महासचिव पूज्य श्री दिलीपजी महाराज मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे और अपना आशीर्वाद प्रदान किया।
उल्लेखनीय है कि EKNF पिछले 22 वर्षों से उत्तर कोलकाता एवं आसपास के क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में कार्य कर रहा है। संस्था द्वारा अब तक जरुरतमन्द लोगों के लिए 26,000 से अधिक निःशुल्क नेत्र ऑपरेशन कराए जा चुके हैं। इसके अलावा EKNF द्वारा डायलिसिस सेवा भी संचालित की जा रही है।
EKNF के श्री प्रीतम दफतरी ने कहा कि नया अस्पताल 22 वर्षों की स्वास्थ्य सेवा यात्रा का अगला महत्वपूर्ण चरण है। संस्था का मुख्य उद्देश्य आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के साथ सुलभ, किफायती, पारदर्शी और मानवीय स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराना है।
EKNF के कोर एडवाइजरी टीम के सदस्य डॉ. आलोक तिवारी ने कहा कि अस्पताल का विकास रोगियों की जरूरतों को केंद्र में रखकर किया जायेगा , जिसमें चिकित्सा गुणवत्ता, उपयुक्त तकनीक, पारदर्शी व्यवस्था और निरंतर देखभाल को प्राथमिकता दी जाएगी।
इमरजेंसी मेडिसिन विशेषज्ञ एवं कोर एडवाइजरी टीम के सदस्य डॉ. सुभाष तिवारी ने कहा कि इस परियोजना का उद्देश्य मजबूत क्लिनिकल व्यवस्था के साथ ऐसा स्वास्थ्य संस्थान विकसित करना है, जहां प्रत्येक रोगी को सम्मान, संवेदना और व्यक्तिगत देखभाल मिल सके। EKNF और भारत सेवाश्रम संघ का यह संयुक्त प्रयास आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं को मानव सेवा और जनकल्याण की भावना के साथ जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।





Leave a Reply