कोलकाता के नोवोटेल होटल में जनता का चार्जशीट केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने जारी किया। पत्रकार वार्ता की शुरुआत में राज्य अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस के दीर्घकालीन कुशासन और लोकतांत्रिक अधिकारों के हनन के आधार पर यह चार्जशीट प्रस्तुत की जा रही है।
इसके बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने चार्जशीट प्रस्तुत करते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल में चुनाव घोषित हो चुका है और भाजपा कार्यकर्ता राज्य अध्यक्ष के नेतृत्व में सरकार बनाने के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह चुनाव केवल बंगाल के लिए नहीं, बल्कि देश की सुरक्षा से भी जुड़ा हुआ है।
उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले 15 वर्षों में ने भय, भ्रष्टाचार, तुष्टिकरण और हिंसा की राजनीति को बढ़ावा दिया है। भाजपा 2011 से इस कुशासन के खिलाफ संघर्ष कर रही है और अब जनता परिवर्तन के लिए तैयार है।
अमित शाह ने कहा कि “सोने का बंगाल” का सपना दिखाकर राज्य को भ्रष्टाचार का केंद्र बना दिया गया है। उद्योग ठप हो गए हैं और विकास रुक गया है। घुसपैठ, कटमनी और सिंडिकेट राज ने आम लोगों का जीवन कठिन बना दिया है।
उन्होंने कहा कि 2014 के बाद से भाजपा का जनाधार लगातार बढ़ा है और 2026 में पूर्ण बहुमत के साथ भाजपा सरकार बनेगी। यह चुनाव भयमुक्ति, रोजगार, महिलाओं की सुरक्षा, विकास और बुनियादी सुविधाओं के लिए है।
ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि वे बार-बार “विक्टिम कार्ड” की राजनीति करती हैं और संवैधानिक संस्थाओं पर आरोप लगाती हैं।
उन्होंने वादा किया कि भाजपा सरकार बनने पर अवैध घुसपैठियों की पहचान कर उन्हें देश से बाहर किया जाएगा और सीमाओं की सुरक्षा को मजबूत किया जाएगा।
उन्होंने राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति, महिलाओं की सुरक्षा और विभिन्न भ्रष्टाचार मामलों—जैसे राशन, शिक्षक भर्ती, मनरेगा और अम्फान—को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए।
अंत में उन्होंने बंगाल की जनता से अपील की कि वे भयमुक्त होकर अपने अधिकार का प्रयोग करें और राज्य में परिवर्तन लाएं।












Leave a Reply