कौशांबी में पिकअप-ट्रेलर की टक्करअब तक 7 की मौत,

कौशांबी में पिकअप-ट्रेलर की टक्कर: भीषण हादसे में अब तक 7 की मौत, दर्जन भर लोग घायल
उत्तर प्रदेश के कौशांबी से भीषण सड़क हादसे की खबर सामने आ रही है। इस हादसे में अब तक सात लोगों की मौत की खबर है। कानपुर-प्रयागराज हाइवे पर डोरमा पेट्रोल पंप के समीप सड़क किनारे खड़े ट्राला में सैनी की तरफ से जा रही पिकअप के अनियंत्रित होकर पीछे से टकराने के कारण यह हादसा हुआ। हादसे में पिकअप के परखचे उड़े गए। पिकअप में सवार महिलाओं, बच्चों समेत 25 लोगों में सात की इलाज के लिए जाते समय रास्ते में ही मौत होने की बात सामने आई है। इस हादसे की खबर मिलते ही मौके पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी बड़ी संख्या में पहुंच गए। राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया है। सीएम योगी आदित्यनाथ ने घटना का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को राहत और बचाव कार्य के निर्देश दिए हैं। साथ ही, मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये की आर्थिक मदद की घोषणा की है। साथ ही, घायलों को 50-50 हजार रुपए देने का ऐलान किया है।

दोपहर 3:45 बजे हुआ हादसा
प्रयागराज-कानपुर हाइवे पर शुक्रवार दोपहर 3:45 बजे हादसे की खबर सामने आई है। मिली जानकारी के अनुसार, पिकअप सवार सभी लोग फतेहपुर जिले के मलवा क्षेत्र के बड़ोखर गांव से माता शीतला का दर्शन और प्रयागराज संगम पर मुंडन कराने आए थे। श्रद्धालुओं ने पिकअप बुक की थी। वे शुक्रवार सुबह रामनवमी के मौके पर कड़ा धाम स्थित मां शीतला का दर्शन करने पहुंचे।
मां शीतला का दर्शन करने के बाद लौटते समय हादसा हो गया। मामले में सामने आया है। शुक्रवार दोपहर करीब 3:45 बजे पिकअप गाड़ी तेज रफ्तार में जा रही थी। इसी समय हाइवे पर खड़ा ट्रॉला देखकर पिकअप चालक ने गाड़ी से नियंत्रण खो दिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि सड़क पर लोगों की बॉडी बिखरी दिखी।

पिकअप में सवार थे 25 लोग
पिकअप में 25 लोगों के सवार होने की बात सामने आई है। फतेहपुर से ये लोग मां शीतला मंदिर के बाद प्रयागराज संगम मुंडन कराने आए थे। मुंडन कराकर लौटने के दौरान हादसा हो गया। सैनी क्षेत्र केडोरमा हादवे के पास खड़े ट्राला से पिकअप जा भिड़ी। इस हादसे में अब तक चार महिला और तीन बच्चों के मौत की पुष्टि हुई है। वहीं, दो दर्जन से अधिक लोगों के घायल होने की खबर है। घायलों का इलाज सीएससी सिराथू और जिला अस्पताल में कराया जा रहा है।

चार एंबुलेंस लगाए गए
कौशांबी में हादसे के बाद प्रशासन की टीम तत्काल एक्टिव हुई। भारी संख्या में मौके पर पुलिस बल को भेजा गया। इसके अलावा घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने के लिए चार एंबुलेंस को लगाया गया। घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जिला अस्पताल के इमरजेंसी में डॉक्टरों की तैनाती की गई। सीएमओ स्वयं वहां मौजूद रहे। वे घायलों की स्थिति का जायजा लेते रहे। सीएमएस की अगुआई में जिला अस्पताल में घायलों का इलाज चल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *